Cyber fraud का नया खेल! ना OTP ना कोई लिंक, खाते से उठा दिए 2.80 लाख रुपए

Cyber Crime in Kanpur: कानपुर में साइबर ठगों की हैरान करने वाली करतूत सामने आई है। यहां एक डेयरी संचालक के बैंक खाते से 2.80 लाख रुपये निकालने के बाद आरोपी ने खुद फोन कर कहा, “2.80 लाख रुपये पार कर दिए हैं… अब जाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दो।” इस घटना के बाद पीड़ित ने बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराया, लेकिन तब तक पूरी रकम निकाली जा चुकी थी।

दादानगर स्थित सेवाग्राम कॉलोनी निवासी ज्ञानू सिंह का इंडसइंड बैंक की गोविंदनगर शाखा में खाता है। उन्होंने बताया कि 22 जून को उनके खाते में टीडीएस के 2.36 लाख रुपये आए थे। इसके बाद लगातार अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज आने लगे। कॉल करने वाले कभी लिंक खोलने तो कभी पैन कार्ड मिलने जैसी बातें कहकर बात करने की कोशिश कर रहे थे।

ज्ञानू सिंह ने किसी भी कॉल पर भरोसा नहीं किया और बैंक से संपर्क किया। बैंक अधिकारियों ने उन्हें ओटीपी और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी।

दो ट्रांजैक्शन में पार हुए 2.80 लाख रुपए

इसके बावजूद 25 जून की दोपहर साइबर ठगों ने दो ट्रांजैक्शन में उनके खाते से कुल 2.80 लाख रुपये निकाल लिए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि करीब दो घंटे बाद एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद रकम निकालने की बात कबूल करते हुए कहा, “2.80 लाख रुपये पार कर दिए हैं, अब जाकर रिपोर्ट दर्ज करा दो।”

पीड़ित ने तत्काल बैंक से खाता फ्रीज कराया और पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस अब साइबर ठगी (Cyber Fraud) के इस मामले की जांच कर रही है और कॉल करने वाले की पहचान जुटाने में लगी है।

Also Read: ‘बंधक बनाया… जबरन कलमा पढ़वाया और गर्म चिमटे से दागा’, Kanpur की नाबालिग का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.