IMD का बड़ा अलर्ट: 17 राज्यों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी, कई शहरों में रेड अलर्ट
Today Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। दिल्ली से लेकर मुंबई तक लगातार बारिश हो रही है, जबकि कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
महाराष्ट्र में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। 1 जून से अब तक बारिश और आंधी-तूफान से 62 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक पशुओं की भी जान गई है। कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
दिल्ली-NCR में रेड अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर में 9 जुलाई को कई इलाकों के लिए रेड और येलो अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 10 और 11 जुलाई को भी बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। 12 और 13 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं।
उत्तर प्रदेश: कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
यूपी के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, अयोध्या, बाराबंकी, रायबरेली, सीतापुर, शामली, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, मैनपुरी, इटावा और बांदा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी लखनऊ में भी दिनभर बारिश की संभावना है।
बिहार: तेज हवाओं के साथ भारी बारिश
पटना, मधुबनी, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, मुंगेर, गोपालगंज, सिवान, सुपौल और खगड़िया में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
राजस्थान: 11 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है। 10 जुलाई तक भरतपुर संभाग और आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद 11 जुलाई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने का अनुमान है।
उत्तराखंड: कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून, नैनीताल, भीमताल, पौड़ी, देवप्रयाग, कौसानी, कालाढूंगी, नरेंद्रनगर, चोरगलिया और आसपास के इलाकों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है।
असम: 3-4 दिन तक भारी बारिश की आशंका
IMD के अनुसार कामरूप (ग्रामीण), धुबरी, बारपेटा, कोकराझार, नागांव, सोनितपुर, लखीमपुर, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया, कछार और दिमा हसाओ में अगले तीन से चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गुवाहाटी में भी पूरे सप्ताह बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश का अनुमान है।
तमिलनाडु: पश्चिमी घाट के जिलों में बारिश
तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से जुड़े जिलों में अगले दो दिनों तक मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी है। विभाग के मुताबिक दक्षिणी गुजरात से मध्य केरल तक बने लो-प्रेशर ट्रफ की वजह से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
प्रमुख शहरों का आज का तापमान
- दिल्ली: अधिकतम 29°C | न्यूनतम 27°C
- मुंबई: अधिकतम 31°C | न्यूनतम 29°C
- चेन्नई: अधिकतम 36°C | न्यूनतम 28°C
- कोलकाता: अधिकतम 31°C | न्यूनतम 28°C
- लखनऊ: अधिकतम 31°C | न्यूनतम 27°C
- पटना: अधिकतम 32°C | न्यूनतम 27°C
- रांची: अधिकतम 28°C | न्यूनतम 24°C
- भोपाल: अधिकतम 30°C | न्यूनतम 25°C
- जयपुर: अधिकतम 33°C | न्यूनतम 27°C
- शिमला: अधिकतम 21°C | न्यूनतम 20°C
- नैनीताल: अधिकतम 23°C | न्यूनतम 21°
Also Read: महाराष्ट्र में भारी बारिश से हालात गंभीर, अमित शाह ने मुख्यमंत्री को फोन कर दिया हरसंभव मदद का भरोसा

