जोधपुर में CJP के कार्यक्रम में थप्पड़बाजी, दीवार फांदकर घुसे ABVP-BJYM कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
Jodhpur News: जोधपुर में CJP (Cockroach Janta Party) के प्रवक्ता आशुतोष रांका के कार्यक्रम के दौरान रविवार को हंगामा हो गया। ‘शिक्षा नई पीढ़ी के सवाल’ नाम से आयोजित कार्यक्रम में ABVP और बीजेपी युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ता कथित तौर पर दीवार फांदकर गांधी शांति प्रतिष्ठान परिसर में घुस गए।
कार्यक्रम में आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) देरी से पहुंचे थे। उनके हाथ में संविधान की किताब थी। इसी दौरान कुछ लोगों के परिसर में घुसने के बाद माहौल गरमा गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
दीवार फांदकर अंदर घुसे, 2 हिरासत में
जानकारी के मुताबिक, ABVP और BJYM से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने गांधी शांति प्रतिष्ठान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया। आरोप है कि कार्यक्रम स्थल के बाहर खड़े एक युवक को एक व्यक्ति ने थप्पड़ भी मारा और इसके बाद हॉल में जाने की कोशिश की।

मामला बढ़ता देख पुलिस मौके पर सक्रिय हो गई। पुलिस ने ABVP संयोजक ललित दाधीच (Lalit Dadhich) और बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता राजवीर बांता (Rajveer Banta) को हिरासत में लिया और उन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गई।
DCP ईस्ट मनीष चौधरी ने बताया कि दो लोग दीवार फांदकर परिसर में घुसे थे। दोनों को डिटेन कर रातानाडा थाने ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
रांका को पुलिस सुरक्षा में जयपुर भेजा गया
हंगामे के बाद पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी। कार्यक्रम खत्म होने के तुरंत बाद आशुतोष रांका को पुलिसकर्मियों के साथ जोधपुर से जयपुर रवाना किया गया।
बताया जा रहा है कि CJP कार्यकर्ताओं का सोमवार को जोधपुर के एक स्कूल का दौरा प्रस्तावित था। कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती है।
Also Read: अभिजीत दिपके पर FIR, सरकारी स्कूल में घुसकर वीडियो बनाने और टीचरों को धमकाने का आरोप

