रांची में विधानसभा घेराव करने वाले 600 प्रदर्शनकारियों पर FIR, 100 नामजद

Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड की राजधानी रांची में चल रहे छात्र आंदोलन के उग्र होने के बाद पुलिस ने सख्त कानूनी कदम उठाया है। बीते 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव करने निकले उग्र छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल पर पथराव, हिंसा और झड़प करने के आरोपों के तहत कुल 600 प्रदर्शनकारियों को आरोपी बनाया गया है। इनमें 100 छात्रों के खिलाफ नामजद और करीब 500 अज्ञात उपद्रवियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

JPSC व JSSC गड़बड़ी के खिलाफ अनशन जारी

उल्लेखनीय है कि JPSC और JSSC जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में अभ्यर्थी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगातार धरना दे रहे हैं। इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भूख हड़ताल पर हैं। स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, फिर भी उनका अनशन जारी है। हेमंत सोरेन सरकार के साथ तीन चरणों की वार्ता विफल होने के बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का फैसला किया था, जिसके बाद 10 अगस्त को सुरक्षा घेरा तोड़े जाने पर पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प हो गई थी।

विधानसभा परिसर में जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रही उग्र भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस टीम ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए लाठीचार्ज किया, साथ ही वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर और आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। दो अलग-अलग रास्तों से परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे कई अभ्यर्थी इस हिंसक टकराव में घायल भी हुए। पुलिस की सख्ती के बावजूद छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और उनका आंदोलन अब भी जारी है।

Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर केस: CM सम्राट का ऐलान, परिवार के 1 सदस्य को मिलेगी सरकारी नौकरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.