आगरा में घोड़े का इंजेक्शन लगाकर दौड़े दो युवक, रेस खत्म होते ही मैदान में गिरे

Agra News: आगरा के खेरागढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को 6 किलोमीटर की दौड़ के दौरान दो युवकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों ने बेहतर प्रदर्शन और थकान कम करने के लिए घोड़ों को दिया जाने वाला स्टेरॉयड इंजेक्शन लिया था। दौड़ खत्म होते ही दोनों मैदान में गिर पड़े। साथियों ने उन्हें सीएचसी खेरागढ़ पहुंचाया, जहां करीब दो घंटे इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ।

यह प्रतियोगिता गांव में सुबह करीब 7 बजे मैराथन कमेटी की ओर से कराई गई थी। इसमें पहला पुरस्कार 2,100 रुपये, दूसरा 1,100 रुपये और तीसरे स्थान के लिए 551 रुपये रखे गए थे। टॉप-10 प्रतिभागियों को मेडल भी दिए जाने थे।

3 एमएल इंजेक्शन लेने की बात कही

गांव वालों के मुताबिक, अऐला गांव निवासी श्यामवीर सिकरवार (16) दूसरे और गौरव सिकरवार (22) चौथे स्थान पर रहे। दोनों आर्मी भर्ती की तैयारी करते हैं। श्यामवीर 11वीं का छात्र है, जबकि गौरव स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। दोनों के पिता किसान हैं।

युवकों ने बताया, “बेहतर प्रदर्शन के लिए हमने 3 एमएल घोड़ों को दिया जाने वाला इंजेक्शन लगाया था। दौड़ पूरी होने के बाद तबीयत बिगड़ गई।” उनके पास इंजेक्शन की खाली शीशी भी मिली।

डॉक्टर ने दी गंभीर चेतावनी

सीएचसी सुपरिटेंडेंट डॉ. आरके सिंह के अनुसार, दोनों ने स्टेरॉयड इंजेक्शन लिया था। बिना चिकित्सकीय सलाह ऐसे इंजेक्शन लेना खतरनाक हो सकता है। डॉक्टर ने युवाओं को जल्दी बेहतर प्रदर्शन के लिए इस तरह के प्रयोग से बचने की सलाह दी।

Also Read: शाहजहांपुर में घर में घुसा 8 फीट का मगरमच्छ, 3 घंटे के रेस्क्यू के बाद नदी में छोड़ा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.