UP चुनाव से पहले महिलाओं के खाते में 50 हजार पर घमासान, BJP-सपा में जुबानी जंग
UP Election 2027: 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को आर्थिक मदद देने की चर्चा ने प्रदेश की सियासत गर्म कर दी है। सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार की ओर से महिलाओं को सालाना ₹50 हजार तक देने की योजना की खबरें वायरल हो रही हैं। हालांकि, भाजपा ने स्पष्ट किया है कि ऐसी किसी योजना की अभी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
दिलचस्प यह है कि समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पहले ही महिलाओं को ₹40 हजार से आर्थिक सहायता देने और हर साल रकम बढ़ाने की बात कह चुके हैं। ऐसे में चुनाव से पहले महिलाओं के खातों में सीधे पैसे भेजने का मुद्दा राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।
डिंपल यादव और अखिलेश ने साधा निशाना
सपा सांसद डिंपल यादव (Dimple Yadav) ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार और महाराष्ट्र में चुनाव से पहले महिलाओं के खातों में पैसा भेजा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के वक्त महिलाओं के खातों में रकम भेजकर उनके ‘कॉन्शियस’ को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए ₹50 हजार सालाना देने की चर्चा को एक और जुमला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले 10 साल में महिलाओं को यह रकम दे सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया।
अखिलेश ने दावा किया कि दूसरे राज्यों में महिलाओं को पैसा देने के बाद अब उसे वापस लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनी तो महिलाओं को ₹40 हजार से शुरुआत करते हुए हर साल रकम बढ़ाई जाएगी।
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही महिलाओं को ₹50 हजार देने की चर्चा शुरू हो गई है। उन्होंने बिहार की योजनाओं का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा यूपी की महिलाओं को मूर्ख समझना बंद करे।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘महिलाएं बिकाऊ नहीं हैं, टिकाऊ हैं।’
BJP का पलटवार- अभी कोई घोषणा नहीं
विपक्ष के आरोपों पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि ₹50 हजार देने वाली योजना की अभी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं में घोषित राशि DBT (Direct Benefit Transfer) के जरिए लाभार्थियों तक पहुंचती है।
मंत्री रविंद्र जायसवाल ने भी कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कई कार्यक्रमों पर काम कर रही है और नए प्रयास भी इसी दिशा में किए जा रहे हैं।
फिलहाल ₹50 हजार वाली योजना पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, लेकिन UP Election 2027 से पहले महिलाओं के वोट को लेकर BJP और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी जरूर तेज हो गई है।
Also Read: FCRA कानून और महिलाओं को 50 हजार देने के चुनावी दावों पर चौधरी सुनील सिंह ने उठाए तीखे सवाल

