दो माह से वेतन न मिलने पर जिला पंचायत कर्मचारियों ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
Siddarthnagar News : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में जिला पंचायत के करीब 75 कर्मचारियों को जून और जुलाई 2026 का वेतन नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ गई है। कर्मचारियों ने लंबित वेतन का जल्द भुगतान नहीं होने पर कार्य बहिष्कार और अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
जिला पंचायत कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरविन्देश त्रिपाठी की अगुवाई में कर्मचारियों ने इस संबंध में अपर मुख्य अधिकारी हेमलता दोहरे को पत्र सौंपा है। कर्मचारियों का कहना है कि दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

75 कर्मचारियों का वेतन लंबित, 30 पेंशनभोगी भी शामिल
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरविन्देश त्रिपाठी और कर्मचारी भीम प्रकाश आजाद ने बताया कि जिला पंचायत के करीब 75 कर्मचारियों का लगातार दो महीने का वेतन लंबित है। इनमें करीब 30 पेंशनभोगी कर्मचारी भी शामिल हैं।
वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि घर के रोजमर्रा के खर्च और राशन-पानी की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
अगस्त के 13 दिन बीत जाने के बाद भी जून और जुलाई का वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने परिवार के भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है।
बैंक की किस्त जमा करने में भी परेशानी
कर्मचारियों ने बताया कि उनके बैंक ऋण की किस्त हर महीने की 10 तारीख को जमा होनी होती है। समय पर किस्त नहीं जमा होने के कारण उनके सिविल स्कोर पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
कर्मचारियों के मुताबिक, वेतन भुगतान को लेकर अधिकारियों से कई बार मौखिक रूप से अनुरोध किया जा चुका है, लेकिन अब तक लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया।
एक सप्ताह में भुगतान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल
कर्मचारियों ने मांग की है कि जून और जुलाई का लंबित वेतन जल्द से जल्द जारी किया जाए। कर्मचारी संघ की ओर से दिए गए पत्र में चेतावनी दी गई है कि अगर एक सप्ताह के भीतर वेतन का भुगतान नहीं हुआ, तो कर्मचारी कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
कर्मचारियों ने इसके लिए जिला पंचायत प्रशासन की जिम्मेदारी तय करने की बात कही है।
रिपोर्ट : ज़ाकिर खान

