एयर इंडिया फ्लाइट के पायलट का दूसरी बार डोप टेस्ट फेल, 300 फीट नीचे आया था विमान

Phuket Delhi Flight: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 के पायलट के दूसरी बार डोप टेस्ट में फेल होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, विमान में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे। उड़ान के दौरान विमान को तेज झटके लगे और वह अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया। इस घटना में 13 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य घायल हुए।

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू के मुताबिक, घायलों में क्रू के दो सदस्यों को रीढ़ के निचले हिस्से और गर्दन में चोट लगी है। घटना को गंभीर श्रेणी में रखा गया है और इसकी जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) कर रहा है।

साइकोएक्टिव पदार्थ की जांच में पायलट संदिग्ध

मंत्रालय के अनुसार, नियमों के तहत घटना के बाद दोनों क्रू सदस्यों का अनिवार्य साइकोएक्टिव पदार्थ टेस्ट कराया गया। मुख्य पायलट की शुरुआती जांच में संदिग्ध नतीजा आने के बाद उसके सैंपल को पुष्टि के लिए निर्धारित लैब भेजा गया। साइकोएक्टिव पदार्थ ऐसे रसायन होते हैं जो दिमाग और तंत्रिका तंत्र पर असर डालते हैं।

जांच पूरी होने तक दोनों पायलट ड्यूटी से बाहर

DGCA ने जांच और परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने तक दोनों उड़ान चालकों को ड्यूटी से हटा दिया है। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष और अंतिम रिपोर्ट के आधार पर होगी।

एयर इंडिया ने कहा कि क्रू का उड़ान के बाद नियमों के अनुसार टेस्ट हुआ था, लेकिन इसके नतीजे एयरलाइन के साथ साझा नहीं किए गए हैं। इसलिए वह किसी निष्कर्ष पर टिप्पणी नहीं कर सकती। एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह नियमित रूप से नागर विमानन नियमों के तहत क्रू का ड्रग टेस्ट कराती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.