फिर संकट में एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर, हांगकांग से दिल्ली आ रहा बोइंग 787 बीच रास्ते से वापस लौटा
Sandesh Wahak Digital Desk: एयर इंडिया के यात्रियों को सोमवार को एक बार फिर उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में तकनीकी गड़बड़ी आने के चलते हांगकांग से दिल्ली आ रही फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ देर बाद वापस लौटना पड़ा। हालांकि, पायलट की सतर्कता और तुरंत लिए गए फैसले ने एक संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं, जिससे राहत की सांस ली जा रही है।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI315 ने सोमवार सुबह हांगकांग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, उड़ान के दौरान पायलट को तकनीकी खराबी की आशंका हुई, जिसके चलते उसने विमान को बीच रास्ते से मोड़कर वापस हांगकांग में सुरक्षित लैंडिंग करवा दी।
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में कौन-सी तकनीकी समस्या आई थी, लेकिन विमान को समय रहते वापस लाने का फैसला बेहद अहम और जान बचाने वाला साबित हुआ। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को अन्य वैकल्पिक फ्लाइट्स के ज़रिये गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
हाल ही में अहमदाबाद में हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ एयर इंडिया का एक विमान उड़ान भरते ही हादसे का शिकार हो गया था। उस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से सिर्फ एक व्यक्ति ही जीवित बच पाया। उस भयावह हादसे के बाद एयर इंडिया ने अपने पूरे बेड़े की तकनीकी जांच शुरू की थी। एयरलाइन की ओर से जारी अपडेट के मुताबिक, अब तक 9 ड्रीमलाइनर विमानों की सुरक्षा जांच पूरी की जा चुकी है।
अहमदाबाद हादसे की जांच में भी दोनों ब्लैक बॉक्स (फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर) बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से दूसरा ब्लैक बॉक्स, यानी कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर, हाल ही में मलबे से निकाला गया है। विशेषज्ञों की टीम अब इन रिकॉर्डिंग्स के आधार पर दुर्घटना की सटीक वजहों का पता लगाने में जुटी हुई है।
Also Read: अहमदाबाद विमान हादसे में जांच को मिली रफ्तार, दूसरा ब्लैक बॉक्स भी बरामद

