सपा के PDA सम्मेलन में खाली रहीं कुर्सियां, अखिलेश के निर्देश पर कन्नौज जिलाध्यक्ष समेत पूरी कमेटी भंग

SP PDA Conference: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के PDA सम्मेलन में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने के बाद संगठन पर कार्रवाई हुई है। शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खाली कुर्सियों की तस्वीरें सामने आने के बाद रविवार को जिलाध्यक्ष कलीम खान समेत पूरी जिला कार्यकारिणी और फ्रंटल संगठनों को भंग करने का निर्देश जारी किया गया।

कार्रवाई प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से की गई। बताया गया कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी और उनके निर्देश के बाद संगठन पर कदम उठाया गया।

PDA सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी के बावजूद बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली रहीं। कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद संगठन की सक्रियता पर सवाल उठे। कलीम खान ने कहा कि भीड़ नहीं जुटने पर प्रदेश अध्यक्ष नाराज थे। हालांकि, उनके मुताबिक उन्हें अभी आधिकारिक पत्र नहीं मिला है और कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया व पार्टी नेताओं के जरिए मिली। समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव हसीब हसन ने भी कार्रवाई की पुष्टि की।

फ्रंटल संगठनों पर भी कार्रवाई

प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी पत्र में जिलाध्यक्ष के साथ जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों को तत्काल प्रभाव से हटाने की बात कही गई है। इसके अलावा जिले के फ्रंटल संगठनों की इकाइयों और संबंधित राष्ट्रीय व राज्य स्तर के पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

असीम अरुण और सुब्रत पाठक ने साधा निशाना

PDA सम्मेलन में खाली कुर्सियों को लेकर राज्यमंत्री असीम अरुण (Asim Arun) ने अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा कुर्सियां तो लगा सकती है, लेकिन उन्हें भरने के लिए लोगों में उत्साह और संकल्प की कमी दिख रही है। उनके मुताबिक, पार्टी के पास अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने के अलावा कोई दूसरी योजना नहीं है। उन्होंने खाली कुर्सियों को जनता के समर्थन में कमी का संकेत बताया।

पूर्व सांसद सुब्रत पाठक (Subrat Pathak) ने भी सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी कार्यालय में 100 कुर्सियां तक नहीं भर पा रहीं। उन्होंने अखिलेश यादव को कन्नौज लोकसभा क्षेत्र की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।

Also Read: भाजपा 2027 में सत्ता से होगी बाहर, अखिलेश यादव बोले- फर्जी वोट और मतदाता सूची में हेरफेर की रच रही साजिश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.