’10 नंबरी मॉडल’ से लोकतंत्र की लूट कर रहा है ‘डेमोक्रेटिक क्राइम गैंग’, अखिलेश का भाजपा पर हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कार्यशैली पर तीखा प्रहार करते हुए इसे ‘10 नंबरी मॉडल’ करार दिया है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अधिकारियों, धन्ना सेठों और ठेकेदारों के एक ‘डेमोक्रेटिक क्राइम गैंग’ के जरिए लोकतंत्र को जकड़ रही है।

वोटों की ‘डकैती’ और चुनावी धांधली का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस तरह पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को विधानसभा चुनाव में चुनौतियों का सामना करना पड़ा, वैसा ही उत्तर प्रदेश में 2022 के चुनावों के दौरान सपा के साथ हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय बलों का दुरुपयोग कर सपा के एजेंटों को लाठी मारकर बाहर निकाला गया और रिवाल्वर के दम पर महिलाओं को मतदान से रोका गया।
भाजपा मतगणना नहीं, बल्कि ‘मनगणना’ करवाती है। परिणाम पहले से ही तय कर लिए जाते हैं और उसी के अनुरूप प्रक्रिया को अंजाम दिया जाता है।
अखिलेश यादव
सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप की मांग: लाइव हो मतगणना
सपा प्रमुख ने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट पश्चिम बंगाल की मतगणना में हुई कथित धांधलियों का संज्ञान ले और सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करे। उन्होंने तर्क दिया कि यदि अदालती सुनवाई का सीधा प्रसारण (Live) हो सकता है, तो मतगणना का क्यों नहीं? उन्होंने मांग की कि पारदर्शिता के लिए वोटों की गिनती सीसीटीवी के सामने लाइव होनी चाहिए।

मिल्कीपुर और अयोध्या का जिक्र
अखिलेश यादव ने डेटा के साथ भाजपा की “वोट चोरी” को उजागर करते हुए मिल्कीपुर, रामपुर और कुन्दरकी उपचुनावों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भाजपा की हार उनके द्वारा किए गए अन्याय का नतीजा थी। किसानों और व्यापारियों की जमीनें लूटी गईं, जिसके लिए प्रभु श्रीराम ने उन्हें सजा दी।

PDA और 2027 का संकल्प
अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि 95 फीसदी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एकजुट हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2024 की जीत के बाद अब 2027 में पीडीए मिलकर भाजपा के साजिशों को परास्त करेगा और उन्हें हमेशा के लिए सत्ता से बाहर कर देगा।
Also Read: टीवीके प्रमुख विजय कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, राज्यपाल से मिलकर पेश किया दावा


