करोड़ों की वेतन धांधली के आरोप, फिर भी FIR नहीं; दारुल उलूम अतीकिया मामले में जांच पर सवाल
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Trending
Balrampur News : राज्य अनुदानित मदरसा दारुल उलूम अतीकिया में वेतन और बोनस में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। कई स्तर पर भौतिक और अभिलेखीय जांच होने के बावजूद अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने पर विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
आरोप है कि मदरसे में वर्ष 2015 और 2016 में नियुक्त शिक्षकों के मूल वेतन को नियमों के विपरीत समान कर दिया गया। इसके अलावा एक ही वित्तीय वर्ष में दो बार दीपावली बोनस निकालने और गैर-संस्था के लिपिक अजीज अहमद अंसारी के माध्यम से अभिलेख तैयार कर वित्तीय हेराफेरी किए जाने की भी शिकायत की गई है।
मामले की जांच के लिए जुलाई में जिला लेखा परीक्षा अधिकारी और अगस्त में वित्त एवं लेखाधिकारी (माध्यमिक) की ओर से मदरसे के अभिलेखों और मौके का परीक्षण किया जा चुका है। शिकायतकर्ता का दावा है कि कोषागार की लूजशीट और विभागीय दस्तावेजों में भी वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई है।
शिकायतकर्ता अब्दुर्रहीम ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि जब सरकारी अभिलेखों और प्रधानाचार्य के बयान से कथित गड़बड़ी सामने आ चुकी है तो कार्रवाई केवल रिकवरी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने प्रबंधक, प्रधानाचार्य मुजफ्फर हुसैन और कथित रूप से शामिल लिपिकों के खिलाफ गबन की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने और सरकारी धन की वसूली की मांग की है।
वहीं, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्य ने बताया कि जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देश पर दो सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति में बेसिक शिक्षा विभाग के लेखाधिकारी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि मदरसे के अभिलेख, शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाएं, संस्थान का ऑडिट और कोषागार से हुए भुगतानों की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
Get real time updates directly on you device, subscribe now.