Amaal Mallik का बड़ा आरोप, ‘60 फिल्मों से निकलवाया गया’, बॉलीवुड के ‘गॉडफादर्स’ पर साधा निशाना

Sandesh Wahak Digital Desk: मशहूर संगीतकार और सिंगर अमाल मलिक ने बॉलीवुड को लेकर चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक भावुक पोस्ट में अमाल ने बिना किसी का नाम लिए दावा किया कि फिल्म इंडस्ट्री के कुछ बड़े और ताकतवर लोग उनके करियर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

उनके मुताबिक, इंडस्ट्री के प्रभावशाली लोगों ने मिलकर उन्हें 60 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स से बाहर करवा दिया।

अमाल ने यह भी बताया कि करीब 20 फिल्में उन्होंने खुद छोड़ीं, क्योंकि वहां उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंच रही थी।

उन्होंने फैंस से माफी मांगते हुए लिखा कि इंडस्ट्री की इस “गंदी राजनीति” की वजह से वह अपने चाहने वालों तक अपना संगीत नहीं पहुंचा पा रहे हैं, जिसका उन्हें गहरा दुख है।

पारिवारिक कनेक्शन भी नहीं आया काम

अमाल मलिक, जाने-माने संगीतकार डबू मलिक के बेटे और अनु मलिक के भतीजे हैं। वह सिंगर और कंपोजर अरमान मलिक के भाई भी हैं।

Amaal Mallik

आमतौर पर ऐसे पारिवारिक संबंधों को नेपोटिज्म से जोड़ा जाता है, लेकिन अमाल ने इस पर तंज कसते हुए कहा, “मैं किसी चमचागिरी या गुटबाजी का हिस्सा नहीं बन सकता। यहां तो नेपोटिज्म भी काम नहीं कर रहा है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले आठ सालों से उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और सच बोलने पर उनके परिवार को धमकियां तक दी जा रही हैं।

अब फिल्मों पर निर्भर नहीं रहेंगे

Roy और M.S. Dhoni: The Untold Story जैसी फिल्मों में सुपरहिट गाने दे चुके अमाल ने आगे की रणनीति भी साफ कर दी है।

उन्होंने फैंस से अपील की कि वे उनके इंडिपेंडेंट गानों को सुनें। अमाल का कहना है कि अगर फिल्मों में काम मिला तो वह जरूर करेंगे, लेकिन अगर नहीं मिला तो भी वह बिना फिल्मों के अपने दम पर बेहतरीन संगीत बनाते रहेंगे।

अमाल मलिक के इन आरोपों ने एक बार फिर बॉलीवुड की अंदरूनी राजनीति और पावर स्ट्रक्चर पर बहस छेड़ दी है।

Also Read: क्या तलाक के बदले मौनी रॉय ने वसूली मोटी रकम? पति सूरज नांबियार ने बताया सच

Get real time updates directly on you device, subscribe now.