कानपुर में एनीमिया मुक्त अभियान का शुभारंभ, 1500 छात्राओं को आईएफए गोलियां वितरित

Kanpur News: “सक्षम नारी अभियान” एवं “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत ‘एनीमिया मुक्त कानपुर नगर अभियान’ का आज एस.एन. सेन बालिका इंटर कॉलेज से भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

शिक्षा प्रदान करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि

जिलाधिकारी ने कहा कि कानपुर नगर के ऐतिहासिक बालिका इंटर कॉलेज से इस अभियान का शुभारंभ होना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में एक साथ 1500 बालिकाओं का अध्ययन होना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं को एनीमिया के कारणों, लक्षणों और बचाव उपायों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने परिवार और आसपास की महिलाओं तथा बच्चियों को भी इस संबंध में जानकारी दें, ताकि समाज में एनीमिया के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैल सके।

पोषण सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम

इस अवसर पर विद्यालय की 1500 छात्राओं को आयरन और फोलिक एसिड की गोलियाँ (IFA Tablets) वितरित की गईं। यह पहल जिले की किशोरी बालिकाओं और महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारीगण, विद्यालय की शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Also Read: जुबीन गर्ग मौत मामले में उनका चचेरा भाई गिरफ्तार, मैनेजर समेत अब तक 5 लोग हिरासत में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.