मध्य प्रदेश में हर साल 1 लाख नई नौकरियां देने का ऐलान, सीएम मोहन यादव बोले- 85 हजार से अधिक सरकारी भर्तियां पूरी

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में हर साल लगभग 1 लाख नई सरकारी नौकरियां प्रदान करेगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की उपस्थिति में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने सरकार की रोजगार नीतियों और विकास कार्यों का ब्योरा साझा किया।

सीएम मोहन यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अब तक 85 हजार से अधिक शासकीय पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और आगे हर वर्ष 1 लाख नई नौकरियां दी जाएंगी। राज्य में लगभग ढाई लाख पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया तय की गई है, जिनमें से 1 लाख से अधिक कर्मचारियों को प्रमोशन दिया जा चुका है।

तेजी से बढ़ता निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश दुनिया भर से तेजी से निवेश आकर्षित करने वाला देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। भोपाल में आयोजित पिछले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) की सफलता के बाद अगले वर्ष फिर से भोपाल में जीआईएस का आयोजन किया जाएगा। इंफ्रास्ट्रक्चर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में जहां एयरपोर्ट विकास ठप था, वहीं मोदी सरकार के दौर में प्रदेश में हवाई अड्डों की संख्या 5 से बढ़कर 8 हो गई है।

वैश्विक मंच पर पीएम मोदी का बढ़ता प्रभाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के नेतृत्व तक के 25 वर्षों के राजनीतिक सफर की सराहना करते हुए सीएम ने कहा कि गुजरात में सुशासन की नींव रखने वाले पीएम मोदी ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। केन-बेतवा और कालीसिंध-चंबल जैसी नदी जोड़ो परियोजनाओं की सौगात मध्य प्रदेश को मिली है। कोविड काल में 40 से अधिक देशों को मुफ्त दवाएं भेजकर भारत ने वैश्विक स्तर पर मान बढ़ाया है, जिसके फलस्वरूप पीएम मोदी को 35 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं।

Also Read: मुरादाबाद मुस्तफा मस्जिद विवाद पर बोले अजय राय, मस्जिद का नक्शा मांगने वाले CM आवास का नक्शा दिखाएं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.