मुरादाबाद मुस्तफा मस्जिद विवाद पर बोले अजय राय, मस्जिद का नक्शा मांगने वाले CM आवास का नक्शा दिखाएं

Moradabad News: सहारनपुर के बाद अब मुरादाबाद स्थित मुस्तफा मस्जिद को लेकर जारी विवाद गहराता जा रहा है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) द्वारा जारी नोटिस के बाद इस मुद्दे पर अब राजनीतिक दखल भी शुरू हो गई है। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मुरादाबाद पहुंचे और जुमे की नमाज के बाद बाहर निकल रहे नमाजियों व मस्जिद के मुतवल्ली से बातचीत की।

मस्जिद के नक्शे को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा, जिस तरह मुस्तफा मस्जिद का नक्शा मांगा जा रहा है, उसी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अपने सरकारी आवास का नक्शा प्रदेश की जनता के सामने रखना चाहिए ताकि सच सामने आ सके।

तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (TMU) की दीवार से सटी मुस्तफा मस्जिद को लेकर कुछ समय पहले अवैध निर्माण की शिकायत की गई थी। इस पर MDA ने मस्जिद इंतजामिया कमेटी को नोटिस भेजा था। जवाब न मिलने पर दूसरा नोटिस जारी किया गया है, जिसकी विधिक सुनवाई 25 सितंबर को तय की गई है। अजय राय ने तर्क दिया कि यह मस्जिद करीब 40 साल पुरानी है, जब विकास प्राधिकरण का अस्तित्व भी नहीं था।

सहारनपुर जैसी कार्रवाई की मंशा नहीं होने देंगे पूरी

सहारनपुर में हाल ही में हुई मस्जिद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का जिक्र करते हुए अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर माहौल खराब करने और लोगों को प्रताड़ित करने का काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने का निर्देश देते हुए कहा कि राहुल गांधी का एक-एक सिपाही और पूरी कांग्रेस पार्टी मुस्तफा मस्जिद के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

उन्होंने भारत की साझी संस्कृति का हवाला देते हुए कहा कि यदि किसी मस्जिद पर आंच आएगी तो हिंदू खड़ा होगा और मंदिर पर संकट आएगा तो मुसलमान साथ देगा। विधानसभा चुनावों के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपनी तैयारी मजबूत कर रही है और गठबंधन पर अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

Also Read: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले पीएम मोदी और पुतिन की बैठक में रक्षा, ऊर्जा और व्यापार पर मंथन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.