असम फतह के लिए भाजपा का संकल्प पत्र, 5 लाख करोड़ का निवेश, UCC और घुसपैठियों पर आर-पार की जंग

Sandesh Wahak Digital Desk: असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को इसे जारी करते हुए राज्य की संस्कृति, जमीन और विकास को केंद्र में रखा। भाजपा ने वादा किया है कि अगर वे दोबारा सत्ता में आते हैं, तो असम की तस्वीर पूरी तरह बदल दी जाएगी।

3 महीने में UCC और लैंड जिहाद पर प्रहार

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने घोषणा पत्र जारी करते हुए सबसे बड़ा दांव समान नागरिक संहिता (UCC) पर खेला है। उन्होंने कहा, सत्ता में वापसी के 3 महीने के भीतर हम राज्य में UCC लागू कर देंगे। इसके अलावा, लव और लैंड जिहाद के खिलाफ सख्त कानून लाया जाएगा। सीएम ने यह भी साफ किया कि जिला आयुक्तों को 1950 के अधिनियम के तहत 24 घंटे के भीतर अवैध प्रवासियों को निकालने की शक्ति दी जाएगी।

बांग्लादेशी मियांओं की तोड़ देंगे राजनीतिक कमर

घोषणा पत्र में अतिक्रमण और घुसपैठ को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि पिछले पांच साल में हमने घुसपैठियों के हौसले पस्त किए हैं और अब उनकी राजनीतिक ताकत को खत्म करने का वक्त है। उन्होंने वादा किया कि जंगलों और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों से एक-एक इंच जमीन वापस ली जाएगी।

शर्मा ने तंज कसते हुए कहा, जब तक बांग्लादेश हमारा पड़ोसी है, यह लड़ाई जारी रहेगी। यह कोई इमारत बनाना नहीं है जिसकी डेडलाइन तय हो, यह अस्तित्व की लड़ाई है। भाजपा ने विकास के मोर्चे पर बड़े वादे किए हैं।

नौकरी और वेतन: युवाओं के लिए 2 लाख सरकारी नौकरियां और 8वां वेतन आयोग लागू करने का संकल्प।

शिक्षा: गरीब परिवारों के बच्चों के लिए KG से लेकर PG तक की पढ़ाई मुफ्त करने का वादा।

निवेश: बुनियादी ढांचे (सड़क, एक्सप्रेसवे, वंदे भारत ट्रेन) के लिए 5 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश।

महिला सशक्तिकरण: ओरुनोदोई योजना की राशि बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति माह की जाएगी।

बाढ़ मुक्त असम: राज्य की सबसे बड़ी समस्या ‘बाढ़’ से स्थायी निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने का भरोसा।

निर्मला सीतारमण का कांग्रेस पर निशाना

घोषणा पत्र जारी करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह संकल्प पत्र बीते एक दशक के बदलाव की कहानी है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जो काम कांग्रेस 60 साल में नहीं कर पाई, वह भाजपा ने 10 साल में कर दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि आज असम में शांति है, जिसके कारण विदेशों में नौकरी करने वाले असमी युवा अब वापस अपने राज्य लौट रहे हैं।

Also Read: Kanpur News: MBA की फीस के लिए किडनी तस्करी, ऐसे हुआ काले कारोबार का पर्दाफाश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.