पश्चिम बंगाल में भय और भरोसे के बीच है विधानसभा चुनाव: अमित शाह
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजधानी कोलकाता में आयोजित रैली के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में यह चुनाव “भय और भरोसे” के बीच है और जनता बदलाव का मन बना चुकी है।
‘विक्टिम कार्ड की राजनीति’ पर तंज
अमित शाह ने ममता सरकार के 15 साल के कार्यकाल को लेकर चार्जशीट जारी की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान घुसपैठ, महिला अपराध, भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज और विभिन्न घोटाले बढ़े हैं। शाह ने कहा कि बीजेपी अपना घोषणा पत्र “भरोसा पत्र” के रूप में पेश करेगी।
गृह मंत्री ने ममता बनर्जी पर “विक्टिम कार्ड” की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कभी चोट, कभी बीमारी और कभी चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर सहानुभूति लेने की कोशिश की जाती है, लेकिन अब जनता इस राजनीति को समझ चुकी है।
भ्रष्टाचार और कुशासन के आरोप
अमित शाह ने दावा किया कि इस बार बंगाल की जनता परिवर्तन के लिए तैयार है और प्रचंड बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद जल्द ही राज्य में बीजेपी सरकार का गठन होगा।
शाह ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस के शासन में भय, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि उद्योग ठप हो गए हैं और विकास रुक गया है, जबकि सिंडिकेट और कटमनी ने आम जनता की परेशानी बढ़ाई है।
‘बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन गया’
उन्होंने कहा कि टीएमसी के शासन में पश्चिम बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन गया है। ऊपर से नीचे तक आपराधिक सिंडिकेट सक्रिय हैं और विकास के अभाव में राज्य उद्योगों के लिए कब्रिस्तान जैसा बन गया है।
अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव केवल पश्चिम बंगाल के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसे देश की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि सीमाओं की सुरक्षा और घुसपैठ रोकना जरूरी है।
अन्य राज्यों का दिया उदाहरण
गृह मंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जाएगा और कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और असम जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि बीजेपी सरकारों ने वहां अपराध और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाकर विकास को गति दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि पश्चिम बंगाल में भी ऐसा ही परिवर्तन लाया जाएगा।
Also Read: Muzaffarnagar News: निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी कर भागा विदेश, भारत आते ही पुलिस ने दबोचा

