Auraiya News: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात अलग-अलग आपराधिक गिरोहों पर गैंगस्टर एक्ट
Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अलग-अलग आपराधिक गिरोहों के आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध मुक्त प्रदेश अभियान के तहत की गई है।
साइबर फ्रॉड गैंग पर पहली बार गैंगस्टर एक्ट
औरैया में पहली बार साइबर अपराध करने वाले गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। इस गिरोह का सरगना शिव प्रताप उर्फ रवि है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था और फेसबुक पर सरकारी योजनाओं के नाम से फर्जी पेज बनाकर लोगों को ठगता था। प्रधानमंत्री कुसुम योजना, जन औषधि योजना और सोलर योजना के नाम पर लोगों से ऑनलाइन पैसे वसूले जाते थे। इस गिरोह के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 20 शिकायतें दर्ज हैं और करीब 9 लाख 89 हजार 824 रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है।
चोरी करने वाले गिरोह पर भी कार्रवाई
थाना फफूंद क्षेत्र में सक्रिय एक गिरोह के आरोपियों के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। यह गिरोह घरों और भवनों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और आर्थिक लाभ कमाता था। इस गिरोह का संचालन रमेश चंद्र द्वारा किया जा रहा था।
थाना अछल्दा क्षेत्र में हत्या, लूट, अपहरण और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ भी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इस गिरोह का सरगना बबलू उर्फ प्रदीप उर्फ झबरा है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में दहशत फैलाकर आर्थिक और भौतिक लाभ उठाता था।
गौवध और पशु क्रूरता में शामिल गिरोह पर कार्रवाई
थाना ऐरवाकटरा क्षेत्र में एक संगठित गिरोह द्वारा गोवंश पशुओं के साथ क्रूरता और अवैध रूप से उन्हें अन्य राज्यों में ले जाकर काटने और बेचने के मामलों में संलिप्तता पाई गई। इस गिरोह के आरोपी कल्लू और उसके साथी आर्थिक लाभ के लिए यह कार्य कर रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
टप्पेबाजी और चोरी करने वाले गिरोह पर शिकंजा
थाना बिधूना क्षेत्र में सक्रिय एक गिरोह के आरोपी ऑटो, बस और अन्य सार्वजनिक वाहनों में सवारी बनकर लोगों के बैग और पर्स से आभूषण व नकदी चोरी करते थे। इस गिरोह के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
थाना दिबियापुर क्षेत्र में नकबजनी कर गंभीर अपराध करने वाले गिरोह के आरोपियों के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। यह गिरोह चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर आर्थिक लाभ अर्जित करता था।
नकली खाद बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़
थाना कोतवाली औरैया क्षेत्र में नकली खाद और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर किसानों को बेचने वाले गिरोह के खिलाफ भी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। यह गिरोह बिना लाइसेंस के नकली खाद तैयार कर उसे असली के रूप में पैक कर बेचता था, जिससे किसानों को नुकसान और सरकार को क्षति हो रही थी।
इस पूरी कार्रवाई के तहत औरैया पुलिस ने सात अलग-अलग आपराधिक गिरोहों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने का संदेश दिया है।
Also Read: 2027 का चुनाव देश और लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा: अखिलेश यादव

