2027 का चुनाव देश और लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा: अखिलेश यादव

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा है कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव देश को बचाने का चुनाव होगा। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का चुनाव बताते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को लूट लिया है और पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।

भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर साधा निशाना

लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार और लूट के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरब से पश्चिम तक हर विभाग में कमीशनखोरी और लूट का माहौल है। बजट का पैसा विकास कार्यों में खर्च होने के बजाय भाजपा नेताओं की जेबों में जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण हैं और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की इसमें बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनाव से भी बड़े अंतर से जीत हासिल करनी है। इसके लिए बूथ स्तर पर पूरी ताकत के साथ काम करने और लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने की जरूरत है।

2027 का चुनाव देश और लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा: Akhilesh Yadav

BJP पर लोकतंत्र को प्रभावित करने का आरोप

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को भाजपा से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के दौरान भ्रष्ट तरीकों से लोकतंत्र की पवित्रता को नुकसान पहुंचाने की साजिश करती है और सत्ता का दुरुपयोग करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी को बदनाम करना भाजपा का एजेंडा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों से प्रदेश का विकास रुक गया है और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि हर वर्ग इससे प्रभावित है। उन्होंने कहा कि भाजपा घबराई हुई है और उसका नेतृत्व हताशा का शिकार हो चुका है।

2027 का चुनाव देश और लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा: Akhilesh Yadav

जनता बदलाव के लिए तैयार

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा की नीतियों से परेशान है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि जनता चुनाव का इंतजार कर रही है और नफरत की राजनीति को खत्म करने के लिए तैयार है।

 

Also Read: अखिलेश यादव ने पूर्व राज्यमंत्री के निधन पर जताया शोक, कुशीनगर से दौड़ते हुए सपा प्रमुख से मिलने पहुंचा युवक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.