Ayodhya News: ‘मुझे नहीं पता था…’, राम मंदिर चंदा चोरी पर पुलिस की पूछताछ में बोले चंपत राय
Ayodhya News: राम मंदिर में दान (चढ़ावा) गबन के मामले की जांच तेज हो गई है। इस प्रकरण में पुलिस ने राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय से पूछताछ की है।
पूछताछ के दौरान चंपत राय ने दावा किया कि उन्हें चढ़ावे की कथित चोरी की कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस अब ट्रस्ट से जुड़े अन्य पदाधिकारियों, जिनमें अनिल मिश्रा भी शामिल हैं, से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
अयोध्या पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) अब तक करीब 150 लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
राजनीतिक दलों या अन्य पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी SIT अलग-अलग कोणों से पुष्टि कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच में किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
अब तक 80 लाख रुपये की रिकवरी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक लगभग 80 लाख रुपये की रकम बरामद की जा चुकी है। वहीं, बीते रविवार को हुई छापेमारी के बाद आरोपियों से जुड़े कई संपत्ति रजिस्ट्री के दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के परिजनों ने बड़ी मात्रा में आभूषण खरीदे हैं, जिनकी खरीद को लेकर लखनऊ की एक ज्वेलरी शॉप से सत्यापन कराया जा रहा है।
आरोपियों के परिवारजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं, जिनकी पुलिस द्वारा पुष्टि की जा रही है।
आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी
पुलिस ने बताया कि राम मंदिर दान गबन मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों के घरों पर रविवार को एक साथ छापेमारी की गई।
स्थानीय मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई में लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रमाशंकर यादव समेत अन्य आरोपियों के आवासों की तलाशी ली गई।
यह छापेमारी उस समय की गई, जब अदालत ने सभी आठ आरोपियों को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा था।
सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किए जाने पर पुलिस उनकी रिमांड की मांग कर सकती है।
अयोध्या पुलिस का कहना है कि जांच पूरी निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

