सहारनपुर में यूपी सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की चौथी बैठक सम्पन्न, गुरप्रीत सिंह बग्गा को मिला ‘नवाब कपूर सिंह सेवा अवार्ड’

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (यूपीएसजीएमसी) की चौथी महत्वपूर्ण बैठक रविवार को सहारनपुर में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुई।

बैठक में प्रदेश के 25 जिलों से आए सिख समाज के प्रधानों, मुख्य सेवादारों और पदाधिकारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर सहारनपुर के समाजसेवी और प्रदेश कोर कमेटी सदस्य गुरप्रीत सिंह बग्गा को वर्ष 2014 के सिख दंगों के दौरान सिख समाज को प्रशासनिक व न्यायिक स्तर पर निस्वार्थ सहयोग देने के लिए ‘नवाब कपूर सिंह सेवा अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी हरविंदर सिंह लॉर्ड ने कहा कि यूपीएसजीएमसी सिख, खालसा पंथ, नानक नाम लेवा और सिंधी समाज को साथ लेकर आगे बढ़ेगा तथा सिखों की स्वतंत्र पहचान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करेगा।

उन्होंने उत्तराखंड में सिख समाज से जुड़े हालिया घटनाक्रमों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जहां भी समाज के साथ अन्याय होगा, संगठन मजबूती से आवाज उठाएगा। साथ ही कथित असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल एफआईआर की मांग की।

आनंद कारज (सिख विवाह) में धार्मिक मर्यादाओं के उल्लंघन पर चिंता जताते हुए उन्होंने बताया कि संस्था समाज में जागरूकता अभियान चलाकर मर्यादाओं के पालन और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए कार्य करेगी।

अपने संबोधन में गुरप्रीत सिंह बग्गा ने पंथक विचार रखते हुए कहा कि धर्म की रक्षा के लिए शक्ति आवश्यक है और धर्म के बिना समाज का अस्तित्व सुरक्षित नहीं रह सकता।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यूपीएसजीएमसी एक धार्मिक एवं पंथक संगठन है, जो सरकार से केवल समाजहित और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेगा।

Saharanpur News

बैठक में संगठन के उपाध्यक्ष निर्मल सिंह ने संगठन को और सशक्त बनाने, गुरुद्वारा प्रबंधन में सुधार तथा सिख जनगणना फॉर्म में समाज की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

उन्होंने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए स्किल डेवलपमेंट को प्रभावी माध्यम बताते हुए इस दिशा में निरंतर प्रयास की बात कही। एडवाइजरी बोर्ड सदस्य राजिंदर पाल सिंह राजू चड्ढा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सिख समाज को लंबे समय से ऐसे संगठित मंच की आवश्यकता थी।

प्रदेश कोर कमेटी सदस्य धर्मवीर बग्गा ने युवाओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि 22 अगस्त से लखनऊ और 23 अगस्त से कानपुर में सिख युवाओं के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की निःशुल्क कोचिंग एवं काउंसलिंग शुरू की जाएगी।

बैठक की शुरुआत महासचिव सुरिंदर पाल सिंह बख्शी ने पंजाबी में ‘जी आया नू’ कहकर प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए की और पिछली बैठक की कार्यवाही तथा वर्तमान एजेंडा प्रस्तुत किया, जिस पर विस्तृत चर्चा के बाद कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में यह संकल्प दोहराया गया कि उत्तर प्रदेश में सिख समाज की धार्मिक पहचान, सामाजिक एकता, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और गुरुद्वारा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए संगठन लगातार कार्य करता रहेगा।

सहारनपुर गुरुद्वारा के प्रधान सूबेदार जसबीर सिंह ने संगठन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा जताया, जबकि जनरल सेक्रेटरी अमनप्रीत सिंह ने प्रदेश के युवाओं से यूपीएसजीएमसी से जुड़कर समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

बैठक में प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखे और आगामी समय में सिख सम्मेलनों के आयोजन व स्थानीय गुरुद्वारों को संगठन से जोड़ने की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

Also Read: Noida News: हाईराइज सोसाइटी में AC ब्लास्ट से लगी भीषण आग, 21वीं मंजिल पर मची अफरा-तफरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.