बाराबंकी में डंपर-ऑल्टो की भीषण टक्कर, पति-पत्नी समेत 4 की मौत, बच्ची घायल

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी, उनका बेटा और बेटी शामिल हैं। हादसे में 6 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। उसका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

रास्ता पूछते समय हुआ हादसा

हादसा मसौली थाना क्षेत्र में बांदा-बहराइच रोड स्थित बिंदौरा चौराहे के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑल्टो कार में पांच लोग सवार थे। सुबह करीब 11:30 बजे परिवार रास्ता पूछने के लिए सड़क किनारे रुका था। इसी दौरान कार को यूटर्न से मोड़ने की कोशिश की गई।

बताया जा रहा है कि उसी समय लखनऊ से रामनगर की ओर जा रहे तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑल्टो का एक हिस्सा करीब एक फुट तक पिचक गया। कार में लोग फंस गए।

कार के दरवाजे तोड़कर निकाले लोग

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, श्रावस्ती के भिनगा निवासी मोहम्मद शरीफ, उनकी पत्नी तबस्सुम बानो, बेटे उजैम, बेटी साजिया और 6 वर्षीय हुदा कार संख्या UP32CD0221 से लखनऊ गए थे। हुदा का इलाज चल रहा है। परिवार उसकी दवा लेकर लौट रहा था। रास्ता भूलने के कारण बिंदौरा चौराहे पर कार मोड़ते समय यह हादसा हुआ।

Also Read: ‘बिग बॉस 20’ में एंट्री के लिए रिया अहीर और लव गिल आमने-सामने, फैंस करेंगे फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.