मायावती का बड़ा ऐलान, यूपी, पंजाब और उत्तराखंड में अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के साथ-साथ पंजाब और उत्तराखंड में चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। मंगलवार को लखनऊ में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में बसपा सुप्रीमो मायावती ने साफ किया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन या चुनावी समझौता नहीं करेगी और अपने बलबूते पर मैदान में उतरेगी।
संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के निर्देश
मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व के अनुभवों से यह स्पष्ट हुआ है कि चुनावी गठबंधन करने से बसपा को सीटों के साथ-साथ वोट प्रतिशत के स्तर पर भी भारी नुकसान उठाना पड़ता है। इसी कारण पार्टी ने तीनों राज्यों में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विरोधियों के साम-दाम-दंड-भेद का डटकर मुकाबला करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त, मायावती ने 9 अक्टूबर को बसपा संस्थापक मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि और 15 जनवरी 2027 को मनाए जाने वाले ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से अंबेडकरवादी विचारधारा, गरीब, बेरोजगार और वंचित वर्गों के आत्मसम्मान की लड़ाई को मजबूती मिलेगी।
Also Read: बाराबंकी में डंपर-ऑल्टो की भीषण टक्कर, पति-पत्नी समेत 4 की मौत, बच्ची घायल

