Bareilly News: बाइक चोरों का बड़ा गिरोह गिरफ्तार, 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना आंवला पुलिस ने अंतर-जनपदीय स्तर पर सक्रिय मोटरसाइकिल चोरों के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली अनुराग आर्य ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 15,000 रुपये के नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है।

ऐसे पकड़े गए चोर

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को थाना आंवला पुलिस टीम मनौना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। मुखबिर खास से सूचना मिली कि तीन मोटरसाइकिलों पर 6 व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए आंवला से बिसौली की ओर जा रहे हैं।

इस सूचना पर उप-निरीक्षक सचिन कुमार, नरेन्द्र कुमार, राजेश रावत सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने आंवला-बिसौली रोड पर मज़ार के पास घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद, तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 6 व्यक्ति आते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेर कर रोक लिया।

चोरी की 8 बाइकें बरामद

पूछताछ में आरोपियों की पहचान आकाश (उम्र 20 वर्ष), मुकेश (उम्र 26 वर्ष), महेन्द्र (उम्र 35 वर्ष), कमरुद्दीन (उम्र 24 वर्ष), असलम (उम्र 20 वर्ष) और सलमान (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई। इनमें से असलम और सलमान लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले हैं, जबकि अन्य बरेली जिले के निवासी हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त मोटरसाइकिल के वैध कागजात नहीं दिखा पाए। ई-चालान ऐप से जांच करने पर पता चला कि मोटरसाइकिलें अलग-अलग लोगों के नाम पर पंजीकृत हैं। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने ये मोटरसाइकिलें मुरादाबाद, शाहजहांपुर और बरेली के अलग-अलग स्थानों से चुराई हैं। उन्होंने 3 मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तारी के अलावा, अपनी निशानदेही पर मनौना धाम से आगे एक बंद पड़े भट्टे से छुपाकर रखी गई 5 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद करवाईं। इस प्रकार कुल 8 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

मुकदमा दर्ज कर भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर, आरोपियों के खिलाफ थाना आंवला में मु0अ0सं0 728/2025 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। सभी अभियुक्तों को विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों पर पहले से ही विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Also Read: बहराइच में औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 लाख की नशीली दवाएं व एक गाड़ी जब्त, दो गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.