चलते-चलते चाइनीज ऐप से रुक जाता है ई-रिक्शा? वायरल वीडियो से मचा बवाल, जानिए सच

E Rickshaw News: सोशल मीडिया पर इन दिनों BAT-BMS नाम का एक चीनी मोबाइल ऐप चर्चा में है। कई वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि इसकी मदद से किसी ई-रिक्शा की बैटरी को दूर से बंद किया जा सकता है। इन दावों के बाद ई-रिक्शा चालकों में चिंता बढ़ गई है। हालांकि अभी तक यह तकनीकी रूप से साबित नहीं हुआ है कि यह खतरा सभी ई-रिक्शा या बैटरी से चलने वाले वाहनों पर लागू नहीं होता है।

क्या है BAT-BMS ऐप और क्यों हो रही चर्चा

BAT-BMS एक Battery Management System (BMS) ऐप है, जिसे ब्लूटूथ सपोर्ट वाली लिथियम बैटरियों की निगरानी के लिए बनाया गया है। इसके जरिए बैटरी का चार्ज, वोल्टेज, तापमान और अन्य तकनीकी जानकारी देखी जा सकती है। इसका मूल उद्देश्य बैटरी की मॉनिटरिंग और प्रबंधन है।

हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि यदि किसी ई-रिक्शा में कमजोर सुरक्षा वाला Bluetooth-enabled BMS लगा हो, तो ऐप के जरिए उसकी बैटरी के आउटपुट तक पहुंच बनाई जा सकती है। इसी वजह से इस ऐप के संभावित दुरुपयोग को लेकर बहस तेज हो गई है।

क्या खतरे में हैं सभी ई-रिक्शा

विशेषज्ञों के अनुसार इसका जवाब ‘नहीं’ है। BAT-BMS केवल उन्हीं बैटरियों के साथ काम करता है जिनमें उसी प्रकार का ब्लूटूथ आधारित BMS लगा हो। भारत में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा अभी भी लीड-एसिड बैटरी या अलग तकनीक वाले BMS का उपयोग करते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि जिन बैटरी सिस्टम में मजबूत पासवर्ड, सुरक्षित ब्लूटूथ पेयरिंग और ऑथेंटिकेशन नहीं होता, वहां दुरुपयोग की आशंका बढ़ सकती है। इसलिए बैटरी निर्माता कंपनियों को सुरक्षा मजबूत करनी चाहिए और ई-रिक्शा मालिकों को केवल भरोसेमंद सर्विस सेंटर से बैटरी की जांच करानी चाहिए।

इस बीच कुछ लोगों ने ऐप पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग उठाई है। साथ ही लोगों से ऐसे ऐप डाउनलोड या गलत इस्तेमाल न करने की अपील की जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.