हवा में उड़ते विमान का इमरजेंसी एग्जिट खोलने लगा यात्री, कोच्चि पहुंचते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार
Kochi Flight: कुआलालंपुर से कोच्चि आ रही बाटिक एयर की फ्लाइट में एक यात्री की हरकत से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने उड़ान के दौरान विमान का इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने साथी यात्रियों और केबिन क्रू को भी धमकाया। फ्लाइट के सुरक्षित कोच्चि पहुंचने के बाद गुरुवार सुबह पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विंडो पैनल को नुकसान पहुंचाने का आरोप
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार यात्री की पहचान जमशीर अथानिक्कल के रूप में हुई है। वह बुधवार को बाटिक एयर की फ्लाइट OD231 से कुआलालंपुर से कोच्चि आ रहा था। एफआईआर के मुताबिक, यह घटना रात 9:30 बजे से 11:05 बजे के बीच हुई, जब विमान हवा में था। आरोप है कि उसने जबरन इमरजेंसी एग्जिट खोलने का प्रयास किया और उसके विंडो पैनल को भी नुकसान पहुंचाया। इससे विमान में मौजूद यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। हालांकि, केबिन क्रू ने समय रहते हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
यह मामला बाटिक एयर के सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) के तहत आपराधिक धमकी, एयरक्राफ्ट एक्ट की धारा 11A के तहत सुरक्षा निर्देशों के उल्लंघन और केरल पुलिस एक्ट की धारा 118(e) के तहत सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: JPSC आंदोलन के बीच छात्रों ने हेमंत सोरेन का मांगा इस्तीफा, बोले- वे पद पर रहने के योग्य नहीं

