हाथरस में दर्दनाक अग्निकांड, घर में सोते रह गए बुजुर्ग दंपती, जिंदा जलने से दोनों की मौत
Hathras House Fire Incident: हाथरस के सादाबाद कस्बे में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मोहल्ला कहारान में एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। घर के अंदर सो रहे बुजुर्ग दंपती को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आग की चपेट में आने से दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
मृतकों की पहचान शहजाद (71) और उनकी पत्नी सलमा (65) के रूप में हुई है। शहजाद कपड़ों की सिलाई का काम करते थे। बुधवार रात दोनों खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। रात करीब 1:30 बजे अज्ञात कारणों से मकान में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
घर में अकेले थे बुजुर्ग दंपती
बताया गया कि दंपती का छोटा बेटा शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपनी ससुराल गया हुआ था, जबकि उनके दो अन्य बेटे बाहर रहते हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद शहजाद और सलमा बाहर नहीं निकल सके। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मोहल्ले के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।
दमकल के साथ SDRF ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को भी बुलाया गया। दमकलकर्मियों और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बुजुर्ग दंपती की जान जा चुकी थी।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Also Read: लखनऊ की सफाई व्यवस्था पर योगी का एक्शन, 3 कर्मचारी सस्पेंड, 2 की नौकरी गई, रामकी पर 15 लाख जुर्माना

