अतीक गैंग की 156 करोड़ की बेनामी संपत्ति होगी कुर्क, 30 से ज्यादा भूखंडों का सत्यापन शुरू
Prayagraj News: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed) और उसके भाई अशरफ (Ashraf Ahmed) की बेनामी संपत्तियों पर अब प्रशासनिक कार्रवाई तेज होने वाली है। करीब 156 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विशेष पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था की ओर से पत्र मिलने के बाद प्रशासन ने चिह्नित जमीनों का सत्यापन शुरू करा दिया है।
प्रशासनिक टीम जमीनों का वास्तविक रिकॉर्ड और मौके की स्थिति जांचकर रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके बाद यह रिपोर्ट पुलिस को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। भेजे गए पत्र में यह भी उल्लेख है कि जमीनों की खरीद-फरोख्त से मिलने वाली रकम कथित तौर पर अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, बेटे अहजम और अशरफ की पत्नी जैनब तक पहुंचाई जा रही थी।
30 से ज्यादा भूखंडों पर कब्जे की जांच
प्रशासन के मुताबिक, सदर तहसील क्षेत्र में अतीक-अशरफ (Atiq-Ashraf) से जुड़ी कई जमीनें सामने आई हैं। इनमें ऐनुद्दीनपुर में 30 से अधिक भूखंडों पर कब्जे की बात कही गई है। जमीनों के लेन-देन में नबी अहमद, मोहम्मद नूह, अतीक के साले सबी अहमद और अशरफ के साले मोहम्मद जैद के नाम भी सामने आए हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त धूमनगंज ने राजस्व विभाग को पत्र भेजकर संयुक्त टीम बनाने की मांग की है, ताकि जमीनों का सही आकलन और सत्यापन हो सके।
IIIT के पास एक मैरिज हॉल के नजदीक माफिया का कथित दफ्तर भी बताया गया है। अतीक और अशरफ की मौत के बाद गैंग से जुड़े फहीम, मोहम्मद नूह और मोहम्मद राशिद उर्फ नीलू पर बेनामी संपत्तियां बेचने का आरोप है।
इसके अलावा कसारी-मसारी में सीलिंग की जमीन और केसरिया मेल रोड पर करीब 18 बिस्वा जमीन पर कब्जे की भी जांच चल रही है। एसडीएम सदर की शुरुआती रिपोर्ट में सरकारी जमीन की बिक्री की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बड़े भूखंड पर कब्जे की बात सामने आई है।
लखनऊ की संपत्तियों पर भी नजर
मामला सिर्फ Prayagraj तक सीमित नहीं बताया जा रहा है। लखनऊ में भी बड़े भूखंड पर कब्जे की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर इसकी पड़ताल की जा रही है।
डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर एसडीएम सदर, तहसीलदार सदर और संबंधित लेखपालों की टीम बनाई गई है। डीएम के मुताबिक, अतीक और अशरफ से जुड़े कई कब्जे चिह्नित किए जा चुके हैं और बाकी संपत्तियों (Atiq Ahmed benami property) की भी जांच चल रही है। सत्यापन पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट पुलिस को सौंपी जाएगी।
Also Read: प्रयागराज जलकल विभाग की करतूत, पड़ोसी महिला से मांग रहे माफिया अतीक के नाम का बकाया बिल

