पीएम मोदी और इथियोपिया के प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय बैठक में व्यापार, आईटी और कृषि में सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक की। इथियोपिया के प्रधानमंत्री नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत पहुंचे हैं। बैठक की शुरुआत में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने भारत और इथियोपिया के बीच वर्षों पुराने ऐतिहासिक संबंधों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य रूप से व्यापार, निवेश, विकास साझेदारी, क्षमता निर्माण, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क (People-to-People Contact) बढ़ाने की अपार संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
ब्रिक्स सदस्यता के बाद बढ़ी नजदीकी
इथियोपिया वर्ष 2024 में ब्रिक्स समूह का नया पूर्णकालिक सदस्य बना था। इसके बाद से भारत और इथियोपिया के बीच बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को एक नई गति मिली है। भारत अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत ‘ग्लोबल साउथ’ (Global South) के देशों के साथ संबंधों को सशक्त बनाने पर विशेष बल दे रहा है। 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित हो रहा यह शिखर सम्मेलन दोनों देशों के लिए वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर समान दृष्टिकोण साझा करने का एक बड़ा माध्यम बना है।
इससे पूर्व वर्ष 2023 में जोहान्सबर्ग ब्रिक्स सम्मेलन के इतर भी पीएम मोदी और अबी अहमद के बीच सफल द्विपक्षीय बैठक हुई थी, जिसमें रक्षा, आईसीटी, युवाओं के कौशल विकास और कृषि क्षेत्र में साझेदारी का खाका तैयार किया गया था। इथियोपिया लगातार विकास संबंधी वैश्विक पहलों में भारत का एक विश्वसनीय साझेदार रहा है।
Also Read: KBC 18 में अमिताभ बच्चन ने बताया अपना अधूरा सपना, बोले- ‘आज भी अफसोस है…’

