आजमगढ़ में शादी के बाद दूल्हे को रास्ते में कार से उतारा, जेवर-नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन

Azamgarh News: आजमगढ़ के बरदह क्षेत्र में शादी के बाद दूल्हे को रास्ते में उतारकर दुल्हन और जेवरात-नकदी लेकर फरार होने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। शुक्रवार को पुलिस ने दो महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से नकदी, जेवर, कपड़े और दो बाइक बरामद हुई हैं।

पुलिस के मुताबिक हरदोई के बिलग्राम थाना क्षेत्र के छिबरामऊ गांव निवासी राजकुमार को शादी कराने के नाम पर जाल में फंसाया गया था। व्हाट्सऐप पर लड़की की फोटो भेजकर रिश्ता तय किया गया। बुधवार को दोनों पक्ष बरदह के बंधवा महादेव मंदिर पहुंचे, जहां शादी हुई। लड़के के परिवार ने दुल्हन को सोने के जेवर, 80 हजार रुपये नकद और कपड़े दिए।

शादी के बाद घर लौटते समय बंधवा मोड़ के पास कथित पिता और अन्य परिजनों ने राजकुमार को कार से उतार दिया। इसके बाद दुल्हन समेत सभी लोग सामान लेकर भाग गए। दूल्हे के पिता रामबिलास की शिकायत पर मुकदमा दर्ज हुआ।

19,650 रुपये और जेवर बरामद

एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों को कोदहरा चौराहे के पास से पकड़ा गया। बरामद सामान में 19,650 रुपये, पायल, मंगलसूत्र, झुमका, साड़ी, कपड़े और दो बाइक शामिल हैं। सभी आरोपी जौनपुर के रहने वाले हैं। इनमें बजरंगी बिंद, राजन विश्वकर्मा, बहादुर, रामबिलास, जय किशन उर्फ अजीत, माधुरी और करीना शामिल हैं।

भदोही में दहेज के लिए विवाहिता को निकाला

भदोही के औराई में बुलेट और एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मायके छोड़ दिया गया। गौरीडीह गांव की रिया ने बताया कि 12 मई को रवि शंकर गौड़ से शादी हुई थी। पिता ने चेन, 50 हजार रुपये, बाइक और अंगूठी दी थी। इसके बाद ससुराल में एक लाख रुपये और बुलेट की मांग की गई। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मिर्जापुर निवासी छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Also Read: Gorakhpur News: बच्चे के चढ़ने से पहले ही ड्राइवर ने चलाई बस, 5 साल के मासूम की कुचलकर मौत 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.