महाराष्ट्र में भाजपा को बैसाखियों की जरूरत नहीं, अपने दम पर लड़ेगी चुनाव: अमित शाह

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने सोमवार को महाराष्ट्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विपक्ष और परिवारवाद की राजनीति पर जोरदार प्रहार किया। शाह ने कहा कि भाजपा को किसी बैसाखी की जरूरत नहीं है, पार्टी अपने बलबूते चुनाव लड़ेगी और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में विपक्ष का सफाया सुनिश्चित करेगी।

भाजपा के नए कार्यालय का शिलान्यास

अमित शाह (Amit Shah) ने यह बात दक्षिण मुंबई के चर्चगेट स्टेशन के पास महाराष्ट्र भाजपा के नए कार्यालय भवन की आधारशिला रखते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का हर कदम संगठन, सिद्धांत और जनसेवा की भावना पर आधारित रहा है। उन्होंने कहा, जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक भाजपा ने हमेशा सिद्धांतों के आधार पर अपनी नीतियां बनाई हैं और देशहित में सबसे कठिन लड़ाइयां लड़ी हैं।

(Amit Shah)

‘खत्म होंगी परिवारवादी राजनीति’

शाह (Amit Shah) ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, हमने साबित किया है कि परिवार द्वारा संचालित पार्टियों की राजनीति अब इस देश में नहीं चलेगी। काम की राजनीति ही देश को आगे ले जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं, एक चायवाले का बेटा आज देश का प्रधानमंत्री है।

‘इतनी मेहनत करो कि विपक्ष नजर न आए’

अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा “डबल इंजन सरकार” के दम पर आगे बढ़ रही है और स्थानीय निकाय चुनावों में जीत हासिल करनी ही लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, इतनी मेहनत करो कि विपक्ष का नामोनिशान मिट जाए, वे दूरबीन से भी नजर न आएं।

‘भाजपा लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर चलती है’

शाह ने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां मेहनत और प्रदर्शन के आधार पर कोई भी कार्यकर्ता आगे बढ़ सकता है। उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा, मैं बूथ अध्यक्ष था और आज राष्ट्रीय अध्यक्ष बना, जबकि मोदी जी एक गरीब परिवार से आकर तीन बार देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का नया राज्य कार्यालय पार्टी के लिए एक मंदिर की तरह होगा। यह 55,000 वर्ग फुट में फैला है, जिसमें एक पुस्तकालय, सम्मेलन कक्ष, 400 सीटों वाला सभागार और मुख्यमंत्री सहित पार्टी पदाधिकारियों के कार्यालय होंगे। शाह ने मजाकिया लहजे में कहा कि मैंने मुख्यमंत्री से कहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं के रहने के लिए तीन-चार कमरे जरूर बनवाए जाएं।

विपक्ष ने उठाए सवाल

हालांकि, भाजपा के नए कार्यालय को लेकर विपक्ष ने भूमि अधिग्रहण पर सवाल उठाए हैं। शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने अमित शाह को पत्र लिखकर दावा किया कि यह जमीन आवासीय उपयोग के लिए आरक्षित थी, लेकिन अब राजनीतिक भवन के लिए उपयोग की जा रही है। अमित शाह के इस दौरे और बयान से यह साफ संकेत मिला है कि भाजपा महाराष्ट्र में एक बार फिर स्वावलंबी भाजपा के नारे के साथ अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है।

 

Also Read: Chitrakoot News: टला बड़ा ट्रेन हादसा, लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस दो हिस्सों में बंटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.