बंगाल चुनाव: बीजेपी ने जारी की 13 उम्मीदवारों की चौथी सूची, केंद्रीय मंत्री की पत्नी को मिला टिकट
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सियासी पारा अपने चरम पर है। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी कड़ी में, बीजेपी ने आगामी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है, जिसमें 13 नामों की घोषणा की गई है। इसके साथ ही, पार्टी ने मैनागुड़ी निर्वाचन क्षेत्र में अपना उम्मीदवार भी बदल दिया है।
बीजेपी की इस नई सूची में कई महत्वपूर्ण नाम शामिल हैं, जो पार्टी की चुनावी रणनीति को उजागर करते हैं।
केंद्रीय मंत्री की पत्नी: उत्तर 24 परगना जिले के बागदा निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी ने केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर की पत्नी सोमा ठाकुर को मैदान में उतारा है। यह सीट पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का विषय मानी जा रही है।
कांग्रेस से आए नेता: हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामने वाले संतोष पाठक को पार्टी ने कोलकाता के प्रतिष्ठित चौरंगी विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया है।
मैनागुड़ी में उम्मीदवार बदला
बीजेपी ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची में घोषित मैनागुड़ी (अनुसूचित जाति) सीट से अपना उम्मीदवार बदल दिया है। नई सूची के अनुसार, अब दालिम रॉय मैनागुड़ी निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। पार्टी ने उम्मीदवार बदलने की वजह का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखकर लिया गया निर्णय है।
बीजेपी उम्मीदवारों की पूरी सूची
सिताई: आशुतोष वर्मा
नाटाबाड़ी: गिरिजा शंकर रॉय
बागदा (अ.जा.): सोमा ठाकुर
मगराहाट पूर्व: उत्तम कुमार बनिक
फालटा: देबांगशु पांडा
सोनारपुर उत्तर: देबाशीष पाठक
हावड़ा दक्षिण: श्यामल हाती
पंचला: रंजन कुमार पॉल
चंडीपुर: पीयूष कांति दास
गारबेटा: प्रदीप लोढ़ा
मेमारी: मानव गुहा
बाराबनी: अरिजीत रॉय
चौरंगी: संतोष पाठक
नई सूची के अनुसार, नाटाबाड़ी से गिरिजा शंकर रॉय, हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाती और सीताई से आशुतोष वर्मा चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा, मगराहाट पूर्व से उत्तम कुमार बनिक, फाल्टा से देबांशु पांडा, सोनारपुर उत्तर से देबाशीष पाठक, और पांचला सीट से रंजन कुमार पॉल मैदान में उतरेंगे।
बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल 2026 को कराया जाएगा। मतगणना 4 मई को होगी। विधानसभा चुनाव को लेकर बंगाल की सियासत गरमा गई है, सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। चुनावी रैलियां, जनसभाएं और जनता का फुल इलेक्शन मोड बंगाल के चुनावी माहौल को और भी रोमांचक बना रहा है।
Also Read: IPL 2026: अब इस देश में नहीं होगा टूर्नामेंट का प्रसारण, भुगतान विवाद के चलते समझौता रद्द

