दिल्ली के धार्मिक स्थलों को थी दहलाने की साजिश, लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी शब्बीर ने किए चौंकाने वाले खुलासे

Sandesh Wahak Digital Desk; दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) से जुड़े आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी गाजीपुर से की गई है, जिसके बाद उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इस दौरान आरोपी ने कई चौका देने वाले खुलासे किये हैं।

दिल्ली के प्रमुख धार्मिक स्थलों की की गई थी रेकी

दरअसल पूछताछ में शब्बीर अहमद लोन ने बताया है कि गिरफ्तारी से पहले उसने दिल्ली के कालकाजी मंदिर, लोटस टेंपल और छतरपुर मंदिर की रेकी की थी। इस दौरान उसने इन स्थानों की मोबाइल से वीडियो भी बनाई और बाद में ये वीडियो पाकिस्तान में बैठे लश्कर के हैंडलर को भेज दी।

आतंकी ने केवल धार्मिक स्थलों ही नहीं, बल्कि दिल्ली के व्यस्त इलाकों को भी अपने निशाने पर रखा था। उसने कनॉट प्लेस और पहाड़गंज सहित कई भीड़भाड़ वाले बाजारों की भी रेकी की और उनकी वीडियो बनाकर पाकिस्तानी हैंडलर को भेजी।

नए मॉड्यूल को सक्रिय करने की थी योजना

जांच में सामने आया है कि शब्बीर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के निर्देश पर भारत में लश्कर-ए-तैयबा के एक नए आतंकी मॉड्यूल को सक्रिय करने और युवाओं की भर्ती करने के मिशन पर था। पुलिस के अनुसार, वह दिल्ली-एनसीआर में रेकी कर रिक्रूटमेंट नेटवर्क खड़ा करने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया है कि ISI और लश्कर बांग्लादेश में TRF की तर्ज पर एक नया आतंकी संगठन बनाने की योजना बना रहे थे। इसी उद्देश्य से वह भारत में सक्रिय होकर नेटवर्क तैयार करने में जुटा था।

नेपाल बॉर्डर के रास्ते भारत में की घुसपैठ

सूत्रों के मुताबिक, शब्बीर अहमद लोन नेपाल बॉर्डर के रास्ते भारत में घुसा था। वह पहले अवैध तरीके से नेपाल पहुंचा और फिर इंडो-नेपाल बॉर्डर के जरिए भारत में दाखिल हुआ। भारत में रहकर वह अपने पाकिस्तान बेस्ड हैंडलर्स के संपर्क में था, जिनके कोड नेम अबू हुजैफा, सुमाम बाबर और अब्दुल रहमान बताए गए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि शब्बीर तहरीक-उल-मुजाहिद्दीन के कमांडर अबू तल्हा और UAPA के तहत घोषित आतंकी आसिफ डार के संपर्क में था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से बांग्लादेशी और पाकिस्तानी करेंसी, एक लैपटॉप सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

अधिक खुलासों की उम्मीद

फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और इस मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

 

Also Read: नालंदा में माता शीतला मंदिर में मची भीषण भगदड़, 8 महिलाओं की दबकर मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.