राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी का तीखा पलटवार, भाषा के स्तर पर उठाए गंभीर सवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का जिक्र आने पर राहुल गांधी की टिप्पणी व हंसी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर प्रधानमंत्री का अनादर करने, अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का मजाक उड़ाने और संवैधानिक पद की गरिमा गिराने का सीधा आरोप लगाया है। बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, गिरिराज सिंह और सुकांत मजूमदार समेत कई प्रमुख नेताओं ने राहुल गांधी के बयान की कड़ी निंदा की है।

राहुल गांधी फेल स्टैंड-अप कॉमेडियन जैसे: बांसुरी स्वराज

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी की भाषा शैली पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के नेता से जिस परिपक्वता और गंभीरता की अपेक्षा होती है, राहुल का व्यवहार उसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गंभीर राजनीति करने के बजाय फेल स्टैंड-अप कॉमेडियन की तरह बयानबाजी कर रहे हैं और केवल सोशल मीडिया रील्स व मीम्स के लिए ऐसी हल्की बातें कर रहे हैं। बांसुरी स्वराज ने आगे कहा कि पीएम मोदी ने 9 फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करके 38 देशों में भारत का आर्थिक भविष्य सुरक्षित किया है, जबकि राहुल गांधी 56 साल की उम्र में भी बचकाना रवैया अपनाए हुए हैं।

प्रह्लाद जोशी बोले- परिपक्व बनिए, गिरिराज ने कसा तंज

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भारत को चलाने के लिए जिम्मेदार और परिपक्व नेतृत्व की जरूरत होती है, न कि नौसिखिया ड्रामेबाजी की। लोकतांत्रिक सरकार के लिए ‘जोकर’ जैसे शब्दों का प्रयोग राहुल की राजनीतिक नासमझी को दिखाता है। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी कड़ा हमला बोलते हुए राहुल गांधी को मानसिक रूप से परेशान बताया। इस बीच बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और क्यूबा के तत्कालीन राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो की पुरानी तस्वीर शेयर कर पलटवार किया।

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी का नाम लेकर भद्दे मजाक करना और उस पर कांग्रेस नेताओं का ठहाके लगाना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने इसे सार्वजनिक चर्चा और राजनीतिक संवाद के स्तर में आई नई गिरावट करार दिया। उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने रचनात्मक कांग्रेस राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी के विदेश दौरों और हगप्लोमेसी (गले मिलने की कूटनीति) का मजाक उड़ाया था, जिस पर संदीप दीक्षित के मेलोनी का नाम लेने पर विवाद खड़ा हो गया।

Also Read: जनगणना में पूछे जाएंगे ये 40 सवाल, सरकार ने जारी की पूरी लिस्ट, पहली बार जाति भी बतानी होगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.