उमेश पाल की पत्नी जया पाल को BJP ने दी बड़ी जिम्मेदारी, OBC मोर्चा की बनाई गईं प्रदेश मंत्री
Jaya Pal: भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को विभिन्न मोर्चों की प्रदेश टीम का ऐलान किया। इसमें महिला, किसान और अनुसूचित मोर्चा के साथ OBC मोर्चा की प्रदेश टीम भी शामिल है। 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। अब उनकी पत्नी जया पाल को भाजपा ने OBC मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया है।
जया पाल पिछले कई महीनों से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वहीं नैनी की पूजा बिंद को भी OBC मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया गया है। पूजा इससे पहले प्रांतीय परिषद और संगठन के कई अभियानों में सक्रिय रही हैं।
महिला मोर्चा में अनीता सिंह को जिम्मेदारी
महिला आयोग की पूर्व सदस्य अनीता सिंह को महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वह इससे पहले महिला मोर्चा काशी क्षेत्र की अध्यक्ष रह चुकी हैं। तीनों नेताओं के मनोनयन पर भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता समेत कई पदाधिकारियों ने बधाई दी।
कई पिछड़ी और दलित जातियों को प्रतिनिधित्व
भाजपा ने मिशन-2027 के तहत विभिन्न मोर्चों में सामाजिक प्रतिनिधित्व बढ़ाया है। कुर्मी, लोध, जाट, गुर्जर, मौर्य, शाक्य, सैनी, कुशवाह, बिंद, निषाद, पाल, साहू, विश्वकर्मा और राजभर समेत कई पिछड़ी जातियों के नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। अनुसूचित मोर्चा में जाटव, पासी और कोरी सहित विभिन्न दलित जातियों को जगह मिली है।
महिला मोर्चा में 12 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री और 11 मंत्री बनाए गए हैं। अनुसूचित मोर्चा में 12 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री और 11 मंत्री, जबकि किसान मोर्चा में 12 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री और 11 मंत्री बनाए गए हैं। इसके अलावा कोषाध्यक्ष, मीडिया, सोशल मीडिया और शोध विभाग के पद भी घोषित किए गए हैं।

