राहुल गांधी की SIR याचिका में 14 खामियां, फीस में ₹220 की कमी से अटकी सुनवाई
Rahul Gandhi SIR Petition: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ SIR के विरोध में सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला। इसके बाद शाम को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ याचिका दाखिल की गई। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने याचिका में 14 खामियां बताते हुए इसे फिलहाल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं किया।
मार्च के दौरान मंडी हाउस से सुप्रीम कोर्ट तक गहमागहमी रही और SIR के विरोध में नारे लगाए गए। इसी बीच राहुल गांधी की लीगल टीम ने अदालत में याचिका दाखिल की, लेकिन प्रक्रिया से जुड़ी कमियों के कारण सुनवाई की तारीख तय नहीं हो सकी।
अखिलेश यादव और तेजस्वी समेत 9 नेताओं के हस्ताक्षर नहीं
रजिस्ट्री की आपत्तियों में याचिकाकर्ता संख्या 3 से 11 तक के वकालतनामे उपलब्ध नहीं होने और उन पर संबंधित नेताओं के हस्ताक्षर न होने का मुद्दा शामिल है। इन नौ नेताओं में शामिल हैं:
- सौगत रॉय
- अखिलेश यादव
- तेजस्वी यादव
- संजय राउत
- एम. ए. बेबी
- डी. राजा
- महुआ माझी
- सुप्रिया सुले
- ई. टी. मोहम्मद बशीर
वकालतनामा वह दस्तावेज है, जिसके जरिए याचिकाकर्ता अपने वकील को अदालत में उसकी ओर से मामला दाखिल करने और पैरवी करने का अधिकार देता है।
खड़गे के पहचान पत्र और कोर्ट फीस पर भी आपत्ति
रजिस्ट्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) के पहचान पत्र की स्पष्ट और पढ़ने योग्य प्रति मांगी है। इसके अलावा याचिका (Rahul Gandhi SIR Petition) दाखिल करने के लिए जमा कोर्ट फीस में 220 रुपये की कमी पाई गई है। याचिका के समर्थन में लगाए गए कुछ दस्तावेजों की प्रतियां भी स्पष्ट नहीं हैं।
रजिस्ट्री ने चुनाव आयोग के 24 जून 2025 के फैसले और SIR के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाए जाने से संबंधित दस्तावेजों की डिजिटल प्रतियां पेन ड्राइव में देने को कहा है। संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत दाखिल याचिका में चुनाव आयुक्तों को व्यक्तिगत रूप से प्रतिवादी बनाए जाने पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
INDIA गठबंधन ने याचिका में SIR शुरू करने के फैसले से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड मांगा है। इसमें संबंधित फाइलें, बैठकों के एजेंडे, कार्यवाही का विवरण और चुनाव आयुक्तों की ओर से दर्ज आपत्तियां शामिल हैं।
Also Read: INDIA ब्लॉक के मार्च में दिखा राहुल गांधी का ‘बैटमैन’ अवतार, खड़गे को भी पहनाया मास्क

