कभी तमंचों के लिए बदनाम यूपी में आज बन रही ब्रह्मोस मिसाइल: अमित शाह
Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के औद्योगीकरण को नई गति देने के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राज्य की अर्थव्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक क्रांति का खाका प्रस्तुत किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्र व्यापार और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था का जो स्वप्न दीनदयाल जी ने देखा था, उसे अटल जी और वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है।
वैश्विक विनिर्माण का नया केंद्र बना भारत
शाह ने ऐतिहासिक संदर्भ साझा करते हुए बताया कि दीनदयाल जी द्वारा स्थापित जनसंघ ही आगे चलकर भारतीय जनता पार्टी के रूप में विकसित हुआ, जो आज विश्व का सबसे विशाल राजनीतिक दल है। करीब एक दशक पूर्व शुरू हुए मेक इन इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्यों के साझा प्रयासों ने भारत को वैश्विक विनिर्माण और नवाचार का प्रमुख केंद्र बना दिया है। यही कारण है कि प्रतिकूल वैश्विक माहौल के बावजूद भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में मजबूती से टिका हुआ है।

1 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी और अपराध मुक्त उत्तर प्रदेश
यूपीआईटीएस के लगातार सफल होते संस्करणों का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि पहले व्यापारी यूपी आने से कतराते थे, लेकिन आज वे राज्य की तरक्की के साझेदार बनना चाहते हैं। दुनिया भर के निवेशकों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। 2017 से पहले के दौर को याद करते हुए शाह ने कहा कि कभी माफिया राज और बदहाल कानून-व्यवस्था के लिए जाना जाने वाला यह राज्य अब अपराध-मुक्त होकर योगी सरकार के कुशल नेतृत्व में निवेश का सबसे सुरक्षित ठिकाना बन चुका है।
तमंचों की जगह ब्रह्मोस और ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग
प्रदेश के कायाकल्प को उदाहरणों से समझाते हुए गृह मंत्री ने कहा कि जिस यूपी में कभी अवैध असलहों के कारखाने चलते थे, वहां आज ब्रह्मोस जैसी अत्याधुनिक मिसाइलें तैयार हो रही हैं। गाड़ियों की चोरी के लिए बदनाम रहे क्षेत्रों में अब ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हो रही है और स्नैचिंग वाले इलाकों में मेडिकल डिवाइस पार्क आकार ले रहे हैं। आगरा और अलीगढ़ के डिफेंस कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के भारतीय रक्षा उत्पादन का बड़ा हिस्सा अब यूपी से आ रहा है और देश 80 से अधिक राष्ट्रों को रक्षा सामग्री निर्यात कर रहा है।
एक जमाने में यूपी में माफियाओं का शासन चलता था।
आज यूपी भर में माफियाओं को समाप्त करने का काम भारतीय जनता पार्टी की योगी सरकार ने किया है: माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी pic.twitter.com/aM8gyaBspb
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 25, 2026
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से रुका युवाओं का पलायन
अमित शाह ने स्पष्ट किया कि इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार ने युवाओं के पलायन पर पूर्ण विराम लगा दिया है। अब राज्य के युवाओं को अपने ही घर में रोजगार मिल रहा है। भारत की आर्थिक स्थिति पर तंज कसने वाले विरोधियों को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग देश की अर्थव्यवस्था को सुस्त या निष्क्रिय बताते हैं, दरअसल उनकी सोच ही संकुचित है। पीएम मोदी की स्पष्ट नीतियों और ट्रेड समझौतों के बल पर भारत दुनिया के लिए सबसे आकर्षक बाजार बन चुका है।
Also Read: यूपी के उत्पादों, सप्लाई चेन व उद्यमियों पर दुनिया को भरोसाः सीएम योगी

