अयोध्या पहुंचे बृजभूषण सिंह का जोरदार स्वागत, हवाई अड्डे से लेकर हनुमानगढ़ी तक उमड़ा जनसैलाब

Ayodhya news: महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के एक दिन बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। दिल्ली से हवाई मार्ग के जरिए अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद समर्थकों ने फूल-मालाओं और जोरदार नारेबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान ‘शेर आया, शेर आया’ के नारे गूंजते रहे और उनके काफिले में करीब 100 गाड़ियां शामिल रहीं, जिससे अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर भारी जाम की स्थिति बन गई।

एयरपोर्ट से लेकर राजमार्गों तक उमड़ी भीड़

बृजभूषण शरण सिंह जैसे ही अयोध्या हवाई अड्डे पर पहुंचे, समर्थकों की भारी भीड़ ने उनका फूल-मालाओं और बधाई गीतों से स्वागत किया। हवाई अड्डे से निकलने के बाद उनका काफिला प्रयागराज हाईवे और लखनऊ हाईवे से होकर गुजरा। इस दौरान सड़कों पर हजारों समर्थक और चारपहिया वाहनों की कतारें नजर आईं, जिससे दोनों प्रमुख राजमार्गों पर कई स्थानों पर भीषण जाम लग गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। पूर्व सांसद खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए।

अयोध्या पहुंचे बृजभूषण सिंह का जोरदार स्वागत

हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद सत्यमेव जयते रैली के लिए रवाना

अयोध्या पहुंचने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने सबसे पहले प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह गोंडा के नंदिनी नगर में आयोजित सत्यमेव जयते रैली में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। इस रैली को बृजभूषण के कोर्ट से बरी होने के बाद होने वाले पहले सार्वजनिक कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है, जिसका राजनीतिक महत्व भी काफी अधिक माना जा रहा है।

प्रतीक भूषण शरण सिंह ने किया भव्य रैली का आयोजन

इस अवसर पर बृजभूषण शरण सिंह के पुत्र और विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने कहा कि उनके पिता अदालत से बरी होकर आए हैं और इसी खुशी के अवसर पर समर्थकों द्वारा यह भव्य स्वागत एवं विशाल रैली आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि यह जनता का आशीर्वाद है और इस आत्मविश्वास के साथ आगे भी जनसेवा जारी रहेगी। भव्य स्वागत ने साफ कर दिया कि क्षेत्र में बृजभूषण की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है।

Also Read: श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया में 3 नए चेहरों की एंट्री, गौतम गंभीर ने दिया खास संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.