राजनीति में एंट्री करेगी बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी! बोलीं- ‘निश्चित रूप से चुनाव में उतरूंगी’
UP Politics: भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) की बेटी शालिनी सिंह (Shalini Singh) अब सक्रिय राजनीति में उतरने के लिए तैयार हैं। बुलंदशहर (Bulandshahr) में सोमवार को एक निजी कार्यक्रम में पहुंचीं शालिनी ने चुनाव लड़ने को लेकर अपनी इच्छा खुलकर जाहिर की।
शालिनी ने कहा कि समाज में किसी व्यक्ति की पहचान किसी पार्टी या टिकट से नहीं, बल्कि उसके नेतृत्व और जनता के लिए किए गए काम से बनती है। उन्होंने साफ कहा कि अगर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहता है तो वह निश्चित रूप से चुनाव मैदान में उतरेंगी।
शालिनी (Shalini Singh) के मुताबिक, वह पिछले करीब 15 वर्षों से नोएडा (Noida) में रहकर सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह किसी पार्टी या विपक्ष को देखकर नहीं, बल्कि सही मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने में विश्वास रखती हैं। इस दौरान उन्होंने UGC समेत कई मुद्दों पर भी अपनी राय रखी।
ससुराल भी राजनीतिक परिवार से जुड़ा
शालिनी सिंह की शादी बिहार के आरा से पूर्व सांसद अजीत सिंह और पूर्व सांसद मीना सिंह के इकलौते बेटे विशाल सिंह से हुई है। वह फिलहाल अपने परिवार के साथ नोएडा में रहती हैं। शालिनी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की महिला शाखा राष्ट्र सेविका समिति (Rashtra Sevika Samiti) से भी जुड़ी हैं। हाल ही में उन्होंने संगठन का सर्वोच्च प्रशिक्षण भी लिया है।
पिता, मां और दोनों भाई पहले से राजनीति में
Shalini Singh के पिता बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज (Kaiserganj) से छह बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 1991 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीता था। वह भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
उनकी मां केतकी देवी सिंह (Ketki Devi Singh) भी राजनीति में रह चुकी हैं। उन्होंने 1996 में गोंडा लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद में जगह बनाई थी।
परिवार की अगली पीढ़ी भी राजनीति में सक्रिय है। बड़े भाई प्रतीक भूषण सिंह (Prateek Bhushan Singh) गोंडा सदर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं और 2017 से विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। छोटे भाई करण भूषण सिंह (Karan Bhushan Singh) 2024 में कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर सांसद बने।
करण भूषण सिंह राजनीति के साथ खेल से भी जुड़े रहे हैं। वह राष्ट्रीय स्तर के डबल ट्रैप निशानेबाज रह चुके हैं और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ (UP Wrestling Association) के अध्यक्ष भी हैं। 2024 में भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह की जगह करण भूषण सिंह को कैसरगंज से उम्मीदवार बनाया था।
अब Shalini Singh के चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करने के बाद उनकी संभावित राजनीतिक पारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, उन्होंने अभी किसी सीट या चुनाव को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है।
Also Read: BSP में फिर किनारे हुए आकाश आनंद! छोटे भाई ईशान को मायावती ने सौंपी 15 राज्यों की जिम्मेदारी

