Bulandshahr News: पहले शराब के लिए दिए पैसे, फिर तौलिए से पति का गला घोंटकर की हत्या

Bulandshahr News: बुलंदशहर के बहलीमपुरा गांव में पत्नी पर पति की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात प्रीति ने तौलिए से अपने पति कृष्ण कुमार (45) का गला दबा दिया। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला पति की छाती पर बैठकर मारपीट और गला दबाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है।

कृष्ण कुमार खेती और पशुपालन करते थे। करीब 16 साल पहले उनकी शादी प्रीति (40) से हुई थी। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। परिजनों का आरोप है कि प्रीति का किसी युवक से कथित संबंध था। कृष्ण कुमार इसका विरोध करते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

पोस्टमार्टम से सामने आया हत्या का सच

परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ। बाद में कृष्ण कुमार खेत चले गए। रात में वह शराब के नशे में घर लौटे। करीब 11 बजे दोनों के बीच दोबारा विवाद हुआ। इसी दौरान प्रीति ने उनका गला दबा दिया।

शोर सुनकर कृष्ण कुमार की मां अंगूरी देवी कमरे में पहुंचीं। उस समय वह अचेत पड़े थे। गांव के डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिजनों को लगा कि ज्यादा शराब पीने से मौत हुई है।

रिपोर्ट के बाद पत्नी गिरफ्तार

मंगलवार रात पुलिस को सूचना दी गई। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार सुबह रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने प्रीति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

सीओ सिटी प्रखर पांडेय के मुताबिक, पूछताछ में प्रीति ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया और हत्या की बात स्वीकार की। परिजनों ने संपत्ति विवाद का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Also Read: वाराणसी में ट्रैक्टर चोरी के शक में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, पेड़ से बांधकर मारे डंडे 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.