कर्नाटक में जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार, सीएम डीके शिवकुमार की टीम में नए चेहरों को मिल सकती है जगह
Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार अपने मंत्रिमंडल का पहला बड़ा विस्तार करने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, आगामी 20 जुलाई को नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। मुख्यमंत्री शिवकुमार ने खुद इसके संकेत देते हुए बताया कि वे इस सिलसिले में जल्द ही दिल्ली जाकर पार्टी आलाकमान से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि भविष्य के चुनावी समीकरणों और राज्य के जातीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए इस बार कई नए व युवा चेहरों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है।
कर्नाटक मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल 34 सदस्य हो सकते हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 14 मंत्री ही जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में 20 पद अभी भी खाली पड़े हैं। इन खाली कुर्सियों पर काबिज होने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ विधायकों और दिग्गज नेताओं ने बेंगलुरु से लेकर दिल्ली तक अपनी राजनीतिक घेराबंदी तेज कर दी है।
मॉनसून सत्र से ठीक पहले टीम को अंतिम रूप देने की कवायद
सीएम शिवकुमार 18 जुलाई को दिल्ली का दौरा कर सकते हैं, जहां पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी। दरअसल, 6 अगस्त से राज्य विधानसभा का सत्र शुरू होने जा रहा है, जिससे पहले मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट को पूरी तरह मुस्तैद करना चाहते हैं। शिवकुमार ने स्पष्ट किया कि उनकी तरफ से कोई देरी नहीं है और आलाकमान से समय मिलते ही वे सूची फाइनल कर लेंगे।
किसानों के हितों की रक्षा हमारी प्राथमिकता
मंत्रिमंडल विस्तार के इतर, कावेरी जल बंटवारे के संवेदनशील मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता कर्नाटक के किसानों के हितों को सुरक्षित रखना और पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। साथ ही, तमिलनाडु को पानी देने के अदालती निर्देशों का भी ध्यान रखा जाएगा। कर्नाटक सरकार 15 जुलाई को कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (CWMA) के सामने मजबूती से अपना पक्ष रखेगी।
Also Read: TGT अंग्रेजी परीक्षा के सवालों पर हाईकोर्ट सख्त, आयोग से मांगा जवाब

