जगन्नाथ रथयात्रा से पहले गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, सिद्धपुर से पकड़े गए 5 संदिग्ध

Gujarat ATS: अहमदाबाद समेत गुजरात में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा से पहले गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पाटण जिले के सिद्धपुर से पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। यह कार्रवाई इस महीने की शुरुआत में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े आठ संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद उनके नेटवर्क की जांच के दौरान की गई।

कई जगह छापेमारी, संदिग्ध के घर की तलाशी

ATS ने 13 जुलाई को सिद्धपुर के भीड़भाड़ वाले झंपलीपोल इलाके में गुप्त अभियान चलाया। इस दौरान बर्तन और चाकू-छुरी बेचने वाले एक दुकानदार से देर शाम तक पूछताछ की गई। साथ ही सिद्धपुर तालुका के छातावाड़ा गांव में रहने वाले संदिग्ध मोहम्मद अमीन शेरा के घर की तलाशी ली गई और उसके परिवार से भी पूछताछ की गई।

जांच अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों से भी जानकारी जुटाई, ताकि शेरा द्वारा खरीदी गई कथित संदिग्ध वस्तुओं का पता लगाया जा सके। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ATS को शक है कि एक संदिग्ध ने एक कटलरी दुकान से छोटे खिलौनों में इस्तेमाल होने वाली बैटरी खरीदी थी।

फिलहाल पूछताछ जारी

जांच के दौरान झंपलीपोल स्थित ‘नूरानी टेलर्स’ से भी एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर पूछताछ के लिए ले जाया गया। ATS के एक अधिकारी ने कहा कि कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की जा रही है और फिलहाल सभी लोगों से केवल पूछताछ की जा रही है। एजेंसी ने अभी किसी नई गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।

इससे पहले ATS ने गुजरात और मध्य प्रदेश से आठ लोगों को गिरफ्तार कर दावा किया था कि वे पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे।

Also Read : भोजशाला पर हाई कोर्ट के फैसले के बीच सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम पक्ष को दी राहत 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.