UPSSSC दफ्तर के बाहर अभ्यर्थियों का हल्लाबोल, JE भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग

Lucknow News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के पिकप भवन स्थित कार्यालय के बाहर बुधवार को लगभग 100 अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। पिछले 8 वर्षों से अवर अभियंता (JE) भर्ती का इंतजार कर रहे छात्र इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल JE भर्ती का विज्ञापन जल्द से जल्द निकालने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संबंधित विभागों से करीब तीन साल पहले ही भर्ती का अधियाचन आयोग को भेजा जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद विज्ञापन अटका हुआ है।

PET के फेर में फंसी भर्ती

प्रदर्शन में शामिल छात्र अवनीश प्रजापति ने बताया कि वर्ष 2023 में ही अधियाचन आयोग के पास पहुँच गया था। पहले PET-2023 के तहत उम्मीद जताई गई, लेकिन बाद में प्रक्रिया टलती रही। वर्तमान में PET-2025 के आधार पर आयोग द्वारा क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सहित लगभग 23 विभिन्न भर्तियों के विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि जब अन्य पदों के लिए लगातार प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, तो 24वां विज्ञापन JE इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल का क्यों जारी नहीं किया जा सकता?

स्पष्ट तारीख देने में टालमटोल

अभ्यर्थियों का आरोप है कि पिछले दो-तीन महीनों में अधिकारियों से कई बार संवाद करने की कोशिश की गई, लेकिन हर बार अलग-अलग बहाने बनाए गए। कभी पाठ्यक्रम (सिलेबस) तो कभी शैक्षणिक योग्यता के नियमों को लेकर मामला अटका दिया गया। बार-बार आयोग के चक्कर काटने के बाद भी अधिकारियों की ओर से विज्ञापन जारी होने की कोई निश्चित तारीख या स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया जा रहा है, जिससे तकनीकी डिप्लोमा धारक युवाओं में भारी निराशा है।

प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पहुँचे थे, जिस पर लिखा था- “डिप्टी CM बृजेश पाठक के घर के हजारों चक्कर लगे, अब तो भर्ती निकाल दो।” अभ्यर्थियों ने कहा कि वे शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के द्वार खटखटाकर थक चुके हैं। अभ्यर्थियों ने आयोग के सचिव से मांग की है कि PET-2025 के तहत JE इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल के रिक्त पदों पर अविलंब विज्ञापन निकाला जाए तथा 8 वर्षों से लंबित इस प्रक्रिया को समयबद्ध सीमा में पूरा किया जाए।

Also Read: यूपी में 20 IPS अफसरों का तबादला, बस्ती, जौनपुर और बलिया समेत कई जिलों के कप्तान बदले

Get real time updates directly on you device, subscribe now.