काशी में सीएम योगी: देव दीपावली के भव्य आयोजन में होंगे शामिल, क्रूज से देखेंगे आरती और आतिशबाजी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को काशी आ रहे हैं। इस दौरान वे देव दीपावली के भव्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और गुरुवार (6 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित आगमन से जुड़ी तैयारियों का भी जायजा लेंगे।

मुख्यमंत्री बुधवार शाम करीब छह बजे नमो घाट पहुंचेंगे और देव दीपावली के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सीएम योगी नमो घाट पर गंगा आरती देखने के बाद क्रूज पर सवार होकर चेतसिंह घाट जाएंगे। क्रूज से वे चेतसिंह घाट पर आयोजित थ्री-डी शो और गंगा के उस पार रेती (रेत) पर होने वाली आतिशबाजी का अद्भुत नजारा देखेंगे।

रात्रि विश्राम से पहले, मुख्यमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में जाकर दर्शन करेंगे। इससे पहले, मुख्यमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट से पुलिस लाइन होते हुए सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके तहत, वे बनारस रेलवे स्टेशन और बरेका (बनारस रेल इंजन कारखाना) का दौरा कर तैयारियों का जायजा ले सकते हैं।

Also Read: मेरठ: स्टील कारोबारी हाजी सईद के छह ठिकानों पर GST का बड़ा छापा, टैक्स चोरी का मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.