स्वदेशी और हथकरघा से बदलेगी बुनकरों की तस्वीर, CM योगी बोले- पहले दोपहर में होती थी सरकार के दिन की शुरुआत

Lucknow News: राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि 7 अगस्त का दिन भारत के स्वतंत्रता संग्राम और स्वदेशी आंदोलन की भावना का प्रतीक है। सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में लगभग 2.5 लाख परिवार प्रत्यक्ष रूप से हथकरघा उद्योग से जुड़े हैं, जबकि पावरलूम को मिलाकर करीब 30 लाख लोगों की रोजी-रोटी इसी क्षेत्र पर निर्भर है। राज्य सरकार बुनकरों और कारीगरों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें लगातार प्रोत्साहन व वित्तीय राहत दी जा रही है।

2017 से पहले दम तोड़ रहा था कालीन उद्योग

मुख्यमंत्री ने भदोही के कालीन उद्योग का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व यह क्षेत्र उपेक्षा का शिकार था और लगभग बंदी के कगार पर पहुंच गया था। हालांकि, नई नीतियों और प्रोत्साहन के बल पर आज भदोही के कालीन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में करोड़ों रुपये का निर्यात कर रहे हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि देश की नई संसद भवन के लिए भी भदोही के कालीनों को प्राथमिकता दी गई, जो स्थानीय हुनरमंदों के प्रति सरकार के विश्वास का उदाहरण है।

पुरानी सरकारों की प्राथमिकताओं पर सीएम योगी का सीधा प्रहार

अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना पूर्ववर्ती सरकार की कार्यशैली पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले सत्ता संभालने वालों के पास प्रदेश के विकास और आम जनता की समस्याओं के लिए समय ही नहीं था। दोपहर में दिन की शुरुआत होना और शाम को महफिलों का सजना ही पहले का रूटीन था। इसी गैर-जिम्मेदारी की वजह से राज्य कभी दंगों, बदहाल कानून व्यवस्था, इंसेफेलाइटिस और खस्ताहाल सरकारी स्कूलों की मार झेल रहा था।

सुरक्षा माहौल से मिल रहा बढ़ाव

सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र में काम करने वालों में लगभग 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। राज्य में सुधरी कानून-व्यवस्था, बेहतर बिजली आपूर्ति और सुरक्षित वातावरण ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद की है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का पैसा प्रदेश के कारीगरों और हस्तशिल्पियों की जेब तक पहुंचे ताकि उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।

Also Read: Bareilly News: साइबर पुलिस ने 8 लाख की ठगी में से 5.50 लाख रुपये पीड़ित के खाते में कराए वापस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.