क्रिकेट मैचों के बीच Condom Ads पर मचा बवाल! CTI ने ICC चेयरमैन जय शाह को लिखा पत्र

Sandesh Wahak Sports Desk: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के दौरान प्रसारित होने वाले कंडोम और डेटिंग ऐप्स के विज्ञापनों को लेकर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने आपत्ति जताई है। संगठन ने ICC चेयरमैन जय शाह को पत्र लिखकर फैमिली व्यूइंग टाइम में ऐसे विज्ञापनों पर रोक लगाने की मांग की है।

CTI का कहना है कि भारत में करोड़ों लोग परिवार के साथ क्रिकेट मैच देखते हैं। ऐसे में ओवरों के बीच एडल्ट श्रेणी के विज्ञापन प्रसारित होने से बच्चों और अभिभावकों के लिए असहज स्थिति पैदा होती है।

दूसरे टी20 मैच का दिया हवाला

CTI ने अपने पत्र में 4 जुलाई 2026 को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए भारत-इंग्लैंड दूसरे T20 मैच का जिक्र किया है। संगठन के अनुसार, मैच के दौरान ओवरों के बीच ड्यूरेक्स कंडोम का विज्ञापन दिखाया गया, जबकि उस समय बड़ी संख्या में परिवार और बच्चे भी मैच देख रहे थे।

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि उनके 13 वर्षीय बेटे ने भी विज्ञापन देखकर सवाल पूछे, जिससे उनके लिए असहज स्थिति बन गई। उनका कहना है कि देश के कई परिवार ऐसी स्थिति का सामना करते होंगे।

ICC से क्या मांग की गई?

संगठन ने ICC से मांग की है कि शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक के फैमिली व्यूइंग टाइम में कंडोम, डेटिंग ऐप और अन्य एडल्ट श्रेणी के विज्ञापनों के प्रसारण पर स्पष्ट रोक लगाने के लिए गाइडलाइन जारी की जाए। साथ ही BCCI और ICC के सदस्य बोर्डों के ब्रॉडकास्ट समझौतों में ‘फैमिली व्यूइंग कोड’ को अनिवार्य करने की भी मांग की गई है।

CTI ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में ऐसे विज्ञापन प्रसारित होते हैं तो संबंधित ब्रॉडकास्टर और क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। संगठन ने जय शाह से इस मुद्दे को ICC बोर्ड की अगली बैठक में उठाने और 30 दिनों के भीतर स्पष्ट नीति बनाने का अनुरोध किया है। साथ ही कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मामले को संसद और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के समक्ष भी उठाया जाएगा।

Also Read: ‘एनर्जी ड्रिंक’ पर FSSAI का बड़ा एक्शन! Red Bull, Sting, Campa समेत कई बड़े ब्रांडों को नोटिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.