लखनऊ में थाने से फरार चोरी का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, चौपटिया रोड पर पुलिस ने दबोचा

Lucknow News: लखनऊ के ठाकुरगंज थाने से पुलिस कस्टडी से फरार हुआ चोरी का आरोपी मो. शानू उर्फ मो. समद 24 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोमवार देर रात करीब एक बजे चौपटिया रोड पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी को 9 अगस्त की रात चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। अगले दिन सुबह वह शौच जाने के बहाने सिपाही को चकमा देकर थाने से भाग निकला था।

आरोपी के फरार होने के मामले में शानू और रिक्रूट सिपाही अजीत कुमार के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। सिपाही पर ड्यूटी में लापरवाही का आरोप है। आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई थीं।

छत के रास्ते घर में घुसकर चोरी

निवाजगंज चौराहा स्थित पन्नी वाली गली निवासी सुशीला साहू ने 8 अगस्त को ठाकुरगंज थाने में चोरी की तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे चोर छत के रास्ते घर में घुसा और अलमारी में रखी नकदी के साथ ओप्पो मोबाइल चोरी कर ले गया।

जांच के दौरान CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने तहसीनगंज निवासी शानू को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, उसे 9 अगस्त की रात करीब 11:40 बजे गुलालाघाट इलाके से गिरफ्तार किया गया था।

शौचालय ले जाते समय सिपाही को दिया चकमा

सोमवार सुबह करीब 7 बजे शानू ने शौच जाने की बात कही। संतरी ड्यूटी पर तैनात सिपाही अजीत कुमार उसे शौचालय तक ले गया। इसी दौरान वह भाग गया। सिपाही ने करीब 35 मिनट बाद रात्रि अफसर पंकज सिंह को जानकारी दी। इसके बाद चार टीमें तलाश में जुट गईं। पुलिस ने देर रात चौपटिया रोड से उसे फिर दबोच लिया। अब उससे पूछताछ कर चोरी के मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Also Read: Kanpur News: अस्पताल में नवजात चुराते पकड़ी गई ANM, बिजली विभाग का SDO निकला मास्टरमाइंड 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.