लखनऊ में इंटरनेशनल कॉल सेंटर पर क्राइम ब्रांच का छापा, सुशांत गोल्फ सिटी के ओमैक्स अपार्टमेंट से 8 गिरफ्तार

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे ओमैक्स अपार्टमेंट में छापेमारी की। तड़के 5 बजे तक चली इस मैराथन कार्रवाई में पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने मौके से आठ आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

रात 1 बजे ओमैक्स अपार्टमेंट में पुलिस की दबिश

एडीसीपी (क्राइम) किरण यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच को सुशांत गोल्फ सिटी के ओमैक्स अपार्टमेंट में अवैध रूप से कई कॉल सेंटर संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। मामला अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और विदेशी नागरिकों से ठगी से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने कोई जोखिम नहीं लिया और देर रात ही अपार्टमेंट के ठिकानों पर अचानक छापेमारी कर दी। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया।

लैपटॉप, कंप्यूटर समेत भारी मात्रा में डिजिटल डिवाइस बरामद

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान घटनास्थल से बड़ी संख्या में हाई-टेक कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मशीनें जब्त की गई हैं, जिनका इस्तेमाल इस काले धंधे में किया जा रहा था। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में पुनीत वर्मा और देवेंद्र पटेल इस गिरोह के मुख्य सरगना बताए जा रहे हैं। पुलिस कस्टडी में हुई शुरुआती पूछताछ में इन दोनों ने कबूल किया है कि वे इस कॉल सेंटर की आड़ में बड़े पैमाने पर साइबर ठगी के नेटवर्क को चला रहे थे।

ऑनलाइन ट्रांसफर कॉल के जरिए बिछाते थे जाल

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि ये जालसाज लोगों को झांसा देने के लिए कस्टमर सपोर्ट सर्विस का नाटक करते थे। इन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए सीधे कॉल्स ट्रांसफर होते थे, जिसके बाद ये तकनीकी सहायता या अन्य फर्जी सेवाएं देने के नाम पर विदेशी क्लाइंट्स को अपना शिकार बनाते थे और उनसे मोटी रकम ऐंठ लेते थे। एडीसीपी किरण यादव ने कहा कि पूरे रैकेट की जांच गहनता से की जा रही है। बरामद किए गए डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ से मिलने वाले इनपुट्स के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: मेरठ में कांवड़ियों के लिए नई गाइडलाइन, 10 फीट से ऊपर की कांवड़ पर लगेगी पाबंदी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.