Bareilly News: सावन में मांस-मछली की दुकानें रहेंगी बंद, कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से बरसेंगे फूल
Bareilly News: आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रहे पवित्र सावन महीने और कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार तथा पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इस धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और भव्य बनाने के लिए गुरुवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन के दौरान बरेली में मांस और मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा।
जत्थों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार पिछले वर्ष की तरह इस साल भी कांवड़ियों का स्वागत हेलीकॉप्टर से फूल बरसाकर किया जाएगा। इस बार बरेली में कांवड़ियों के लगभग 7000 जत्थे शामिल होंगे। सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर प्रत्येक जत्थे के साथ एक नोडल अधिकारी तैनात रहेगा। इसके अलावा, यदि बरेली के कांवड़ियों को दूसरे जिलों में कोई समस्या आती है, तो वे सीधे बरेली पुलिस से संपर्क कर सकेंगे, जो उनकी तत्काल सहायता करेगी।
30 जुलाई से पहले गड्ढामुक्त होंगे कांवड़ मार्ग
यात्रा मार्गों की खराब स्थिति को लेकर मिली शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए मंत्री धर्मपाल सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि 30 जुलाई को यात्रा शुरू होने से पहले सभी ऊबड़-खाबड़ और टूटे रास्तों को दुरुस्त कर लिया जाए। साथ ही, बिजली विभाग को सड़कों के ऊपर लटकते तारों को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई हादसा न हो। सुरक्षा को देखते हुए इस बार कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट तय की गई है।
बैठक के दौरान मंत्री धर्मपाल सिंह ने पुरानी सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि साल 2017 से पहले कांवड़ियों को डीजे बजाने की अनुमति नहीं थी और उन पर लाठियां बरसाई जाती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार में शिवभक्तों का सम्मान सर्वोपरि है।
Also Read: कानपुर के हैलट अस्पताल में ड्यूटी के दौरान जूनियर डॉक्टर की मौत, हार्ट अटैक की आशंका

